लेबल

शनिवार, 31 दिसंबर 2022

मैं चीज क्या हूं ?- टुम्बकटू

 पत्र टुम्बकटू का

मैं चीज क्या हूं ?

वेद प्रकाश शर्मा के पाठकों,

सर्वप्रथम आप सब मेरी पुंगी-पुंगी स्वीकार करें। यानी आपकी भाषा में प्रणाम ! यह पत्र मैं बहुत दुःखी होकर लिख रहा हूं-अब आप प्रश्न करेंगे कि मैं दुखी क्यों हूं ? तो अब हूं दुखी इसलिए हूं कि कुछ भद्र लोग मेरे विषय में अफवाह फैला रहे हैं और मुझे बदनाम कर रहे हैं। असली बात ये है कि जब मैं सबसे, चन्द्रमा से पृथ्वी पर आया तो मैं वेद प्रकाश शर्मा से मिला— उन्हें अपनी सारी वास्तविकता बताई। मैंने बताया कि मेरा चरित्र क्या है वह सब वेद प्रकाश शर्मा ने 'खूनी छलावा', 'छलावा और शैतान', 'महाबली टुम्बकटू' इत्यादि उपन्यासों में एकदम ठीक-ठीक आपके सामने रख दिया। उन्होंने मेरा जिस्म देखा है आप विश्वास करें, मेरा जिस्म ठीक वैसा ही है जैसा उन्होंने वर्णन किया है। मेरी जांघ में एक फिल्म है ~~ मेरे नाखूनों में चुम्बकीय शक्ति है---मेरे जूते से सिक्का निकलता है इत्यादि वेद प्रकाश शर्मा ने सब कुछ उसी प्रकार लिखा है जैसा कि मैंने उन्हें बताया और करके दिखाया है। मेरा वास्तविक चरित्र आपके सामने हूबहू रखा, और इसे मैं अपना सौभाग्य ही कहूंगा कि आप सबने उसे पसन्द भी किया है।
लेकिन मैं पिछले कुछ दिनों से परेशान हूं उसका मुख्य कारण है न जाने कौन-कौन से भद्र लेखक मेरे विषय में ऊल-जलूल लिखने की कोशिश करते रहते हैं। सत्य बात तो यह है कि वेद प्रकाश शर्मा से मेरा सम्बन्ध है और वे हमेशा वही लिखते हैं जो मैं वास्तव में करता हूं, लेकिन ये नये नये लेखक जो मेरे विषय में लिखते हैं वह कोरी गप्प है। उन लेखकों से मेरा कोई सम्बन्ध नहीं है और न जाने वे मेरे विषय में क्या-क्या लिखते रहते हैं?

सोमवार, 26 दिसंबर 2022

विक्की आनंद

 नाम- विक्की आनंद Ghost Writer
प्रकाशक - डायमण्ड पॉकेट बुक्स
डायमण्ड पॉकेट बुक्स द्वारा अनेक Ghost writer बाजार में उतारे गये थे जिनमें एक नाम था विक्की आनंद।
  विक्की आनंद द्वारा लिखी गयी डैडमैन सीरीज चर्चा में रही है।
               विक्की आनंद के उपन्यास
  1. किले का रहस्य
  2. कफन
  3. महादेव
  4. शोले
  5. मुलजिम
  6. सन्नाटा
  7. बारूद
  8. वारंट

रविवार, 25 दिसंबर 2022

हास्य रस- संग्राम- राज भारती

   साहित्य देश के हास्यरस स्तम्भ के अंतर्गत इस बार प्रस्तुत है राज भारती जी के उपन्यास 'संग्राम' का एक रोचक प्रसंग। 
  कथा नायक संग्राम और एक युवती कविता के मध्य एक वार्ता अंश
''तुम एक बहादुर लड़की हो।''- मैंने धीमी आवाज में कहा । ''कोई लड़की बुजदिल नहीं होती ।"
''कुछ तो होती है ।'' - मैं मुस्कराए बिना ना रह सका । 
''वह लड़कियां नहीं बकरियां होती है ।''
''हालांकि मैंने बकरियों को भी सींग मारते हुए देखा है ।''
''वह बकरियां नहीं लड़कियां होती है ।'' - वह बोली।

उपन्यास - संग्राम
लेखक -    राज भारती
उपन्यास समीक्षा - संग्राम

शनिवार, 17 दिसंबर 2022

बड़ा गेम-03 सर्वनाश- अनुराग कुमार जीनियस

बड़ा गेम- उपन्यास अंश
अनुराग कुमार जीनियस
 विक्रम और शुभांकर डी को मौजपुर आए पाँच दिन बीत चुके थे। आज छठवां दिन था। सोनू के गायब होने से उपजे केस के चलते वे दोनों वहां थे।और वह केस जो तमाम दुश्वारियों के बाद आखिरकार हल हो गया था।और अब उन्हें वहां से चले जाना चाहिए था पर वे रुके थे और उसके पीछे एक बड़ी वजह थी। प्रशांत जो दो दिन पहले मंगल की बहन के यहां शादी में गया था,जा तो मंगल भी रहा था पर ऐन मौके पर कुछ ऐसी प्रॉब्लम खड़ी हो गई की प्रशांत को अकेले ही जाना पड़ा वरना उन्हें जानने वाले अच्छी तरह जानते थे कि वे दो जिस्म एक जान हैं। हरदम साथ रहना पसंद करते थे। वे दोनों एक दूसरे से बेइंतेहा मोहब्बत करते थे_प्रशांत ने उन दोनों को जिद करके रुकने पर मजबूर किया था।उसने कहा था की दो दिन बाद उसका बर्थडे है।उसे सेलिब्रेट करके जाएं। प्रशांत की जिद के आगे ही वे मजबूर हो गए थे और रुक गए थे।वरना  उनका तो इरादा केस निपटने के बाद ही राजनगर वापस जाने का था।

रविवार, 11 दिसंबर 2022

काम्बोजनामा - एक अद्भुत काव्यकथा - योगेश मित्तल

 काम्बोजनामा - एक अद्भुत काव्यकथा 
काम्बोजनामा :वेदप्रकाश काम्बोज की लेखन यात्रा

कुछ लोग अपनी जीवनी लिखते हैं - कुछ किसी अन्य की, लेकिन इमोशन के बादशाह राम पुजारी जब कुछ लिखते हैं, अपना सब कुछ उसमें इस तरह झोंक देते हैं, इस कदर झोंक देते हैं कि लिखी हुई पुस्तक खूबसूरत शब्दों की एक गंगा बन, आनन्दप्रद शीतल धारा की तरह  मन-मस्तिष्क और आत्मा में मीठे-मीठे एहसास और प्रसंग, चित्र की भाँति उकेरती और चलचित्र की भाँति उभारती चली जाती है। 
काम्बोजनामा - जासूसी साहित्य में वर्षों शीर्ष पर रहने वाले दिग्गज उपन्यासकार वेद प्रकाश काम्बोज की सहज-सरल जीवनी नहीं है। यह उनका जन्म से अब तक का जिन्दगीनामा भी नहीं है। यह तो वेद प्रकाश काम्बोज के लेखकीय जीवन के अनन्त अच्छे-बुरे, सरल-कठिन, खट्टे-मीठे प्रसंगों की बेहद खूबसूरत झांकी है, जिसके लिए मैं आदरणीय वेद प्रकाश

गुरुवार, 8 दिसंबर 2022

कत्ल की सौगात - राहुल

कत्ल की सौगात - राहुल
उपन्यास अंश

चांदनी रात भी इतनी भयानक हो सकती है, सीमा ने सपने में भी नहीं सोचा
था। भागते-भागते उसकी सांस फूल गई थी और शरीर का अंग-अंग थकावट से इस तरह टूटने लगा था कि उसे लगा वह अगले ही पल धमाके से बम की तरह फट जाएगी और अंग-अंग पत्थरों की तरह नीचे घाटी में लुढ़कता हुआ अपना अस्तित्व खो देगा 'हे भगवान!' सीमा पीड़ा और दुःख से पसीने में नहाई हुई आकाश पर
चमकते चांद को देखकर चीख पड़ी 'अरे रक्षा करो भगवान... मुझे इन राक्षसों से बचाओ...।'
तभी उसे ठोकर लगी पर वह औंधे मुंह गिरी। अगर वह अनायास हाथ न टिका देती तो उसका चेहरा चट्टान से टकराकर कीमा बन जाता।
"धांय!"
ठीक उसी पल एक गोली सनसनसाती आई और उसके सिर के बालों को जलाती हुई निकल गई।

शुक्रवार, 2 दिसंबर 2022

चौसर- जितेन्द्र नाथ, समीक्षा

नाॅवल - चौसर
लेखक - जितेंद्र नाथ

प्रकाशक - सूरज पॉकेट बुक्स
समीक्षक - दिलशाद
सिटी ऑफ इविल वाले

अभी अभी जितेंद्र नाथ जी की चौसर पढ़कर पूरी की। इससे पहले मैने उनकी राख पढ़ी जिसने शानदार छाप छोड़ी थी। राख में पुलिस कार्यप्रणाली का सजीव रूप प्रतीत हुआ। चलिए बात करते हैं चौसर की, जिसकी कहानी शुरू होती है होटल पर्ल रेसीडेंसी से, रिसेप्शन पर रात के साढ़े नो बजे फोन बजता है। उधर से एक व्यक्ति अपने बेटे के बारे में पूछता है की क्या मेरा बेटा होटल पहुंच गया। सुबह को ज्ञात होता है कि विष्टा टेक्नोलोजी के पंद्रह एंप्लॉज जो पर्ल रेसीडेंसी में ठहरे थे अभी तक नही आए। ड्राइवर सहित सभी एंप्लॉयज के नंबर बंद जा रहे थे। सूचना पुलिस को दी जाती है। सिग्मा ट्रेवलर्स के दफ्तर से बस की आखिरी लोकेशन का पता चलता है। बस को घेर लिया जाता है लेकिन उसमे अजनबी ड्राइवर निकलता है। अब सभी का दिमाग चकरा जाता है की सभी यात्री कहां गए और ड्राइवर क्यों बदला।
           अगली सुबह एक नदी में एक एंप्लॉय की लाश मिलती है।  एक दृश्य में 26 ग्यारह की याद ताजा हो जाती है। जब आतंकवादी एक होटल में हतियारो को गरजाते हुए हुए घुसते हैं। बेहद ही लाइव दृश्य महसूस होता है। आपको नोवल में अनेकों सवाल मिलेंगे जैसे...
- बस अपने गंतव्य तक क्यों नही पहुंची?
- जो ड्राइवर पकड़ा गया था वह खाली बस लेकर क्यों जा रहा था?
- क्या एम्प्लेयर्स मिल सके?
- किसका हाथ था एंप्लायस के गायब कराने के पीछे?

बुधवार, 30 नवंबर 2022

काम्बोजनामा- रामपुजारी

 काम्बोजनामा- रामपुजारी 

आइए हम सभी काम्बोज सर के जन्मदिन के अवसर पर शुभकामना संदेश भेजें।

इस अवसर पर #काम्बोजनामा से एक झलकी आप सभी के लिए प्रस्तुत है...

_ _____________________________________

बंद आँखों से तो आमजन भी सपने देख लेते हैं लेकिन जो खुली आँखों से सपने देखे उसे या तो लोग दीवाना, पागल कहते हैं या फिर विचारक अथवा दार्शनिक! अठारह साल का किशोर मन अपनी सपनों की दुनिया में खोया रहता। मन में हमेशा कुछ न कुछ चलता रहता, जिसका जिक्र वह किसी से भी नहीं कर पाता था। पड़ोस के ही बाबूराम स्कूल में वह पढ़ता था। जब स्कूल में नहीं होता था तो वह शॉप पर होता था। उसके पास वक़्त ही कहाँ था। वहीं वह अंतर्मुखी वेद अपने सपनों में खोया हुआ अपने पिता जितेंद्र सिंह काम्बोज का हाथ बँटाता था। आर्टिफ़ैक्ट्स और हैंडीक्राफ्ट की ये सोविनियर शॉप उस जमाने में लालकिले की एक बड़ी मशहूर शॉप थी।

नये उपन्यास- नवम्बर -2022

नमस्ते पाठक मित्रो ।

   लोकप्रिय उपन्यास साहित्य के ब्लॉग 'साहित्य देश' पर आप सभी का हार्दिक स्वागत है। आशा करता हूँ आप सभी कुशलमंगल हैं।
   लोकप्रिय साहित्य के इतिहास में कुछ और नये उपन्यासों की वृद्धि हुयी है। उन उपन्यास की सूचना यहाँ प्रस्तुत है।

 जयदेव चावरिया, मिथिलेश गुप्ता, अफजल अहमद, जितेन्द्र नाथ, लेखनी, शुभानन्द

1. जुर्म का आगाज- जयदेव चावरिया

    प्रकाशक- सूरज पॉकेट बुक्स
     जयदेव चावरिया जी का द्वितीय उपन्यास 'जुर्म का आगाज़' शीघ्र प्रकाशित होने वाला है।
जयदेव चावरिया जी का प्रथम उपन्यास 'माय फर्स्ट मर्डर केस' एक मर्डर मिस्ट्री उपन्यास था तो वहीं उनका द्वितीय उपन्यास जुर्म का आगाज एक थ्रिलर उपन्यास है जो अण्डरवर्ल्ड के काले कारनामों को उजागर करता है।

2. असायलम- अफजल अहमद, मिथिलेश गुप्ता
   
प्रकाशक- FlyDreams Publications
क्या है "असायलम : सब मरेंगे"
1970 में डॉक्टर निर्मल बनर्जी ने प्रोफेसर भास्कर के साथ मिलकर एक अंतरराष्ट्रीय ख़ुफ़िया प्रोग्राम पर काम किया था, जिसमें भारत के साथ-साथ रोमानिया और हॉलैंड जैसे देश भी शामिल थे। उन दोनों का यह खतरनाक प्रयोग बुरी तरह असफल हुआ, जिसका नतीजा यह हुआ कि इस प्रयोग में शामिल तीनों ही देश के कुल 90 बहादुर लोग न सिर्फ पागल हो गए, बल्कि उनकी जिंदगी भी खतरे में पड़ गई। उन सबको मजबूरी वश आजीवन मेन्टल असाइलम में ठूंस दिया गया।
वह प्रयोग क्या था? किस कारण वह प्रयोग असफल हो गया? मेन्टल असाइलम बनाने की जरूरत क्यों पड़ी? इन पागल हुए लोगों की पीछे की क्या कहानी है?
डॉक्टर सत्यजीत बनर्जी, जिसके पिता का इस प्रयोग में एक अहम किरदार था, वह किस तरह इन रहस्यों से पर्दा उठायेगा? भारत, हॉलैंड और रोमानिया के असाइलम का रहस्य सुलझाने में उसका साथ कौन लोग देने वाले थे?
यह डॉक्टर्स के जोखिम भरे सफर की एक ऐसी कहानी है जिसे पढ़कर आपकी रूह कांप उठेगी।

मंगलवार, 29 नवंबर 2022

सचिन

 नाम- सचिन

श्रेणी - सामाजिक उपन्यासकार

विजय पॉकेट बुक्स के अंतर्गत सचिन नाम से कुछ उपन्यास प्रकाशित हुये थे। हालांकि सचिन के विषय में कोई विशेष जानकारी उपलब्ध नहीं है। सचिन एक सामाजिक उपन्यासकार थे।

सचिन के उपन्यास

1. गंगाजल

2. राखी और सिंदूर



शर्मिला

 नाम- शर्मिला

नूतन पॉकेट बुक्स मेरठ ने एक नये उपन्यासकार 'शर्मिला' का एक उपन्यास बाज़ार में उतारा था। 

   हालांकि यह Ghost writing थी। शर्मिला के कितने उपन्यास प्रकाशित हुये ऐसी कोई कन्फर्म जानकारी उपलब्ध नहीं है।

शर्मिला के उपन्यास

1. इशारा



 

सोमवार, 28 नवंबर 2022

कृष्ण वर्मा

 नाम- कृष्ण वर्मा

कृष्ण वर्मा के उपन्यास

1. क़यामत की रात

उक्त लेखक के विषय में किसी पाठक के पास कोई अन्य जानकारी हो तो अवश्य शेयर करें।

Email- sahityadesh@gmail.com



निर्मलकिशोर कपूर

नाम- निर्मलकिशोर कपूर

निर्मलकिशोर कपूर के उपन्यास

1. खूनी सुंदरी


उक्त लेखक के विषय में किसी पाठक के पास कोई अन्य जानकारी हो तो अवश्य शेयर करें।

Email- sahityadesh@gmail.com



कपिल देव एम. ए.

नाम- कपिल देव एम. ए.

कपिल देव के उपन्यास

1. खूनी गिरोह


उक्त लेखक के विषय में किसी पाठक के पास कोई अन्य जानकारी हो तो अवश्य शेयर करें।

Email- sahityadesh@gmail.com



आर. के. अग्रवाल

नाम- आर. के. अग्रवाल

एक समय था जब इलाहाबाद लोकप्रिय जासूसी उपन्यास साहित्य का केन्द्र था। तब इलाहाबाद से बहुत सी मासिक पत्रिकाएँ प्रकाशित होती थी। उन्हीं में एक प्रकाशन था- सुर्ख पंजा कार्यालय- इलाहाबाद। इसी प्रकाशन की पत्रिका 'सुर्ख पंजा' में आर. के. अग्रवाल के उपन्यास प्रकाशन की जानकारी प्राप्त हुयी है।

आर. के. अग्रवाल के उपन्यास

1. मौत के अंगारे



उक्त लेखक के विषय में किसी पाठक के पास कोई अन्य जानकारी हो तो अवश्य शेयर करें।

Email- sahityadesh@gmail.com



वीरेन्द्र सिंह 'खजी'

नाम- वीरेन्द्र सिंह 'खजी'


वीरेन्द्र सिंह 'खजी' के उपन्यास

1. बहुरुपिणी


उक्त लेखक के विषय में किसी पाठक के पास कोई अन्य जानकारी हो तो अवश्य शेयर करें।

Email- sahityadesh@gmail.com



पी. सी. अग्रवाल

 नाम- पी. सी. अग्रवाल


पी. सी. अग्रवाल के उपन्यास

1.विद्युत रेखा


उक्त लेखक के विषय में किसी पाठक के पास कोई अन्य जानकारी हो तो अवश्य शेयर करें।

Email- sahityadesh@gmail.com




शुक्रवार, 25 नवंबर 2022

विश्व का नामी ठग- सौदागर

पात्र परिचय की इस शृंखला में हमने विभिन्न पात्रों का परिचय यहाँ प्रस्तुत किया है। इस स्तम्भ के अंतर्गत श्याम तिवारी जी (शैलेन्द्र तिवारी) के प्रसिद्ध पात्र हर्रामी सिंह (सिद्धार्थ), बाल सांगड़ा जैसे पात्रों का परिचय आप पढ सकते हैं।

  श्याम तिवारी जी के उपन्यास 'धरती का खुदा' में एक और पात्र है 'सौदागर'। आज आप पढेंगे सौदागर का परिचय।

सौदागर
विश्व का नामी ठग। महान ठग नटवर लाल भी जिसे अपना गुरु मानता है। उसके चेले-चांटों की खेती पूरे विश्व में होती है। विश्व के बड़े-बड़े अपराधी सौदागर को अपना गुरु- उस्ताद बनाने के लिये बेताब रहते हैं। आज पूरे विश्व में सौदागर के नाम की धूम मची हुई है। विश्व के सभी जासूस सौदागर के पीछे पड़े हुये हैं लेकिन आज तक कोई भी जासूस सौदागर का बाल बांका नहीं कर सका । सौदागर विश्व के सभी देशों में बेधड़क होकर घूमता — और जो भी जासूस उसके पीछे पड़ता वह उसे तिगनी का नाच नचा देता ।
      विक्रांत, जेम्स बांड, माईक, फूचिंग आदि कितने नामी जासूसों ने सौदागर को पकड़ने के लिये कमर कसी लेकिन सालों बीत गये कोई भी सौदागर के ऊपर हाथ डाल नहीं सका । सौदागर का कहना है कि बगैर मेरी मर्जी के मुझे चौबीस घन्टे से अधिक कैद में नहीं रख सकता।

    यह संक्षिप्त परिचय है उपन्यास पात्र सौदागर का। अगर किसी पाठक को सौदागर के विषय में अन्य कोई जानकारी हो तो संपर्क करें।
Email- sahityadesh@gmail.com
स्त्रोत- धरती का खुदा- श्याम तिवारी
अन्य लिंक
पात्र परिचय- बाल सांगड़ा | हर्रामी सिंह | मेरठ का बदमाश गैरीसन

पात्र परिचय- हर्रामी सिंह

पात्र परिचय के इस स्तम्भ में इस बार प्रस्तुत है उपन्यासकार श्याम तिवारी (शैलेन्द्र तिवारी) के द्वारा रचित प्रसिद्ध पात्र हर्रामी सिंह (सिद्धार्थ) का परिचय ।


हर्रामी सिंह
आज के युग का फौलाद मानव। अनोखे, विलक्षण चमत्कारों एवं असाधारण प्रतिभाओं का स्वामी। कद लगभग पौने छः फुट का चेहरा किसी प्रिंस के समान आकर्षक पूरा बदन गठा हुआ। कोई भी युवती यदि उसे देख ले तो—वह उसे अपना बनाने के लिये अपनी समस्त दौलत दांव पर लगा दे।

बाल सांगड़ा- पात्र परिचय

पात्र परिचय की इस शृंखला में इस बार हम लेकर आये हैं एक खतरनाक अंतरराष्ट्रीय अपराधी का परिचय। लोकप्रिय उपन्यास साहित्य में श्याम तिवारी जी ने एक खतरनाक अपराधी का सर्जन किया था जिसका नाम है- बाल सांगड़ा। बाल सांगड़ा को 'मास्टर' की उपाधि दी गयी है। लोग उसे बाल सांगड़ा न कहकर 'मास्टर' नाम से बुलाते हैं।

बाल सांगड़ा।
अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सबसे बदनाम मुजरिम । विश्व के नामी-गिरामी जासूसों ने आज तक न जाने कितनी बार चेष्टा की— कि बाल सांगड़ा पर हाथ डाल दें या उसका हमेशा के लिये सफाया कर दें, किन्तु आज तक वे उसका बाल बांका नहीं कर सके। जिन लोगों ने उसे समाप्त करने का बीड़ा उठाया — उन लोगों की लाशें बड़ी वीभत्स अवस्था में चौराहे, सड़कों पर मिलीं। जिसने भी उन लाशों को देखा उसी का कलेजा कांप गया।

प्रतीकात्मक चित्र गूगल से
     विश्व का ऐसा कोई भी देश नहीं जहां बाल सांगड़ा ने अपराध न किया हो । बाल सांगड़ा का नाम पूरे विश्व में पीले बुखार के समान लिया जाता है वह जहां पहुंच जाता है वहाँ लाशों के ढेर लग जाते हैं।

        पूरे विश्व में उसके अड्डे थे। वह जहां चाहे अपराध कर सकता था। विश्व के अनेक देशों की सरकारें उसके नाम से घबराती थीं। उन्होंने गुप्त समझौता कर रखा था कि उनके देश में अपराध न करे इसके एवज में वे बाकायदा किस्तें चुकाया करते थे।

         बाल सांगड़ा का चेहरा किसी बन्दर के बच्चे के समान छोटा था। लेकिन उसकी आंखें किसी टमाटर की भांति बड़ी-बड़ी लट्टू के समान प्रज्वलित आंखें थीं। चीनी टाइप की मूछें जो हमेशा नीचे की ओर झुकी रहती थीं दाढ़ी पर चार छः बाल बेतरतीबी से उगे हुये थे ।

         पूरा चेहरा ऐसा खूंखार कि देखने वाला नजरें न मिला सके। चीनी बाप और सिसलियन मां के संयुक्त मिश्रित खून की दोगली औलाद  बाल सांगडा और उसकी प्रत्येक बात में दोगलापन था । उसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि- वह किसी पर विश्वास नहीं करता था। यही कारण था- वह आज तक जिन्दा था ।

स्त्रोत- धरती का खुदा- श्याम तिवारी

परिचय - श्याम तिवारी
आप के पास अगर बाल सांगड़ा के विषय में कोई और जानकारी हो तो अवश्य शेयर करें।


रणविजय सिंह का चरित्र चित्रण - तरकीब उपन्यास

 उपन्यास साहित्य में कुछ पात्र ऐसे होते हैं जो पाठकवर्ग में अपनी विशेष पहचान छोड़ जाते हैं। वह पात्र चाहे जैसा भी हो, अच्छा या बुरा लेकिन उसका व्यवहार, चरित्र ऐसा होता है जो पाठक को प्रभावित कर लेता है। 
   श्री आलोक खालौरी जी का तृतीय उपन्यास है 'तरकीब'। इसी उपन्यास का खल पात्र है रणविजय। रणविजय विपक्षी पार्टी का नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री रह चुका है। लेकिन उसका चरित्र ऐसा है जो एक अलग पहचान स्थापित करता है और वह उपन्यास का मुख्य खल पात्र है।
  यहाँ हम  'तरकीब' उपन्यास के खल पात्र रणविजय के चरित्र को समझने का प्रयास करते हैं।
चित्र गूगल से

1. शारीरिक चित्रण-  रणविजय शारीरिक रूप से मजबूत और आकर्षक व्यक्तित्व है। इस आकर्षण के बल पर सामने वाले को प्रभावित भी करता है। 
  उसका वर्णन देखें।
रणविजय कोई पचपन साल का औसत क़दकाठी का आदमी था। सिर पर घने काले बाल थे, जो वक़्त के साथ सफेद हो चले थे। गोरा रंग, सुंदर नैननक़्श, आँखों पर सुनहरी फ्रेम का नज़र का चश्मा लगाए, वह बहुत ही संभ्रांत और पढ़ा लिखा नज़र आता था, जबकि पढ़ाई-लिखाई के नाम पर वह दसवीं फेल था, और सभ्रांत दिखने का, उसके इस ऊँचाई तक पहुँचने में बहुत बड़ा रोल था। (उपन्यास अंश)
2. फर्श से अर्श तक का सफर- रणविजय ने अपने जीवन में बहुत संघर्ष देखा है, लेकिन उसने कभी हार स्वीकार नहीं की। छल- बल से उसने अपने आपको स्थापित किया है। यही कारण है की एक दसवीं फेल आटो ड्राइवर से वह केन्द्र सरकार में मंत्री पद तक पहुँच गया।

बुधवार, 23 नवंबर 2022

मैं गुनहगार हूँ- मोहन मौर्य

मैं गुनहगार हूँ- मोहन मौर्य
उपन्यास अंश
 सुबह के या फिर देखा जाए तो रात के 4 बज रहे थे। यह वह वक़्त होता है, जब लोग अपने-अपने बिस्तरों में चैन की नींद सोये हुए रहते हैं। रात की शिफ्ट में काम करने वाले लोग, खासतौर पर सरकारी विभाग के अधिकारी वर्ग भी इस समय सोने से नहीं बच पाते। यह वह वक़्त भी होता है जब लैला-मजनू बनकर देर रात तक एक-दूसरे से चैट करने नौजवान लोग या सोशल मीडिया पर नौजवान बनकर रहने वाले रसिक वृद्ध लोग भी अपनी चैट से थक-हारकर सो जाते हैं। आखिर उन्हें सुबह उठकर अपना-अपना काम भी करना होता है। 

शुक्रवार, 28 अक्तूबर 2022

यामी- आलोक सिंह खालौरी, हास्य रस

मासिक माॅर्निग वाॅक
 'साहित्य देश' के स्तम्भ 'हास्य रस' में इस बार प्रस्तुत है उपन्यासकार आलोक सिंह खालौरी जी के उपन्यास 'यामी' से चंद हास्य पंक्तियाँ -मासिक माॅर्निग वाॅक.
“और सर मॉर्निंग वॉक हो रही है।”–विजय बोला। 
“हाँ भाई, क्या करें, अब नियम है तो है, चाहे कुछ हो जाए हम अपनी मासिक मॉर्निंग वॉक कभी नहीं छोड़ते।”–आलोक सहज भाव से बोला। 
“मासिक मॉर्निंग वॉक ?”–रिया बोली। 
“हाँ भाई, हर महीने नियम से आधा घंटा मॉर्निंग वॉक करनी ही करनी है चाहे कुछ हो जाए।” 
“जरूरी है सर, सेहत का ख़्याल रखना भी।”–रिया सहज भाव से बोली। 
“बिलकुल, जीवन में अनुशासन बेहद जरूरी है।”–आलोक भी सहज स्वर में बोला। 
विजय ने गौर से लेखक की तरफ देखा। उसे कहीं से कहीं तक विनोद का एक भी भाव नजर नहीं आया।

गुरुवार, 20 अक्तूबर 2022

बाबा ठाकुर

नाम -बाबा ठाकुर
मूल नाम -
प्रकाशक - माया पॉकेट बुक्स, मेरठ

उपन्यास साहित्य में बहुत से प्रयोग होते रहे हैं। कथानक के स्तर पर यह प्रयोग हो या न हो पर लेखक के नाम पर अनेक प्रयोग देखने को मिलते हैं।
  जब उपन्यास साहित्य में अश्लील उपन्यासों का दौर आता, हर दूसरे लेखक ने एक महिला जासूस को मैदान में उतारा और 'सैक्स- एक्शन' के आवरण में लिपटे उपन्यास प्रकाशित होने लगे।
बाबा ठाकुर, जरा पहचानो चित्र किस प्रसिद्ध उपन्यासकार का हैं?
   इस समय में माया पॉकेट बुक्स ने अश्लील साहित्य के विरोध में अपना लेखक 'बाबा ठाकुर' भी मैदान में उतारा जो साफ- सुधरे उपन्यास होने का दावा करता है।
  याद रहे इसी दौर में एक और Ghost writer देवा ठाकुर भी थे।
  अब बाबा ठाकुर के प्रथम उपन्यास की 'लेखकीय' घोषणा पढ लीजिए।
श्री गणेश

सोमवार, 17 अक्तूबर 2022

दुर्गाशंकर सत्यार्थी

नाम- दुर्गाशंकर सत्यार्थी

   दुर्गाशंकर सत्यार्थी जी उस समय के लेखक हैं जब इलाहाबाद से उपन्यास प्रकाशित होते थे और मासिक पत्रिका का समय था।
   इलाहाबाद से 'लता कार्यालय' प्रकाशन की मासिक पत्रिका 'महान जासूस' में दुर्गाशंकर सत्यार्थी जी के उपन्यास प्रकाशित होते रहे हैं। यह 1970 के दशक की बात है।

दुर्गाशंकर सत्यार्थी के उपन्यास
1. मृत्युदूत
2. कुत्ते की लाश
3. रंजनगढ का प्रेत




शुक्रवार, 30 सितंबर 2022

मेरठ उपन्यास यात्रा,भाग-02

 18.09.2020
  सुबह लगभग 6AM उठा तो देखा जयदेव जी मुझसे पहले ही जाग चुके थे। चाय वाले को call की तो कुछ समय पश्चात चाय आयी। हमने चाय पीते- पीते यू ट्यूब चैनल 'sahityadesh' के लिए जयदेव जी के इंटरव्यू के लिए कुछ प्रश्न भी तैयार कर लिये।  
    आप इंटरव्यू इस लिंक पर देख सकते है- जयदेव चावरिया
    विनोद प्रभाकर जी ने नाश्ता की बहुत अच्छी व्यवस्था की थी। चाय वाला लड़का कुछ समय पश्चात नाश्ता के भी व्यवस्था भी कर गया।हमने जब टिफिन खोला तो पराठों कि खुश्बू ने भूख को तेज कर दिया। चार पराठें, बड़े आकार। 
''सर, इतने बड़े पराठे?''
"हाँ,कुछ ज्यादा ही बड़े हैं। खाना मुश्किल हो जायेगा।"
दो-दो पराठों आचार के साथ खाये तो सच में पेट भर गया और उस दिन हमने उस भारी नाश्ते के अतिरिक्त कुछ नहीं खाया। दोपहर के भोजन का आवश्यक महसूस नहीं हुयी।
"जयदेव भाई, पराठों के हिसाब से साथ में चाय कम है।"
"हाँ।"- जयदेव ने पराठों का कौर खाते के पश्चात चाय का घूँट भरते हुये कहा।
   चाय-नाश्ते के कुछ समय पश्चात विनोद प्रभाकर जी ने फ्लैट में कदम रखे। समय लगभग दस बजे का था। 
"चाय-नाश्ता हो गया?" -विनोद जी ने आते ही पूछा।
''जी सर।''- जयदेव जी का संक्षिप्त उत्तर था।
जयदेव जी की यह कम बोलते हैं।  
"सर नाश्ता तो बहुत heavy था। मुझे लगता है आज शाम तक खाने की आवश्यक नहीं होगी।"
"हाँ सर, पराठॆं स्वादिष्ट भी थे और बड़े भी। थाली में एक ही पराठा आया था।"
"अब आगे क्या विचार है?" - आगे चर्चा के दौरान विनोद जी ने पू़छा।
"यहाँ से आबिद रिजवी जी के पास चलना है।"
"वापसी तो यहीं आओगे?"
"अरे! नहीं सर। 3:30PM को जयदेव जी की ट्रेन है।"- मैंने कहा।
"अच्छा, तो आप तो रुकोगे?"- विनोद जी ने पूछा।
" नहीं सर, मेरी भी ट्रेन है शाम को। टिकट कन्फर्म है।"
"आप तो गुरप्रीत जी कुछ दिन रुकते। अभी तो बहुत बातें बाकी हैं। आपको मेरठ घूमाते।"
"नहीं सर, फिर कभी। अभी तो स्कूल की छुट्टियां खत्म हो रही हैं तो स्कूल भी जाना है।''
मैंने 04.09.2022 से पन्द्रह दिवस की पितृत्व अवकाश की छुट्टियां ले  रखी थी। उन्हीं छुट्टियों में मेरठ का कार्यक्रम बना था।
  विनोद जी की हार्दिक इच्छा थी, मैं कुछ दिन और मेरठ ठहर जाऊं, पर मेरे लिए यह संभव न था। विनोद जी जितने मृदभाषी हैं उतने ही मेहमानबाजी करने में कुशल। विनोद जी के फ्लैट पर जब लेखक मित्र एकत्र हुये तो विनोद जी और इनके सुपुत्र सब लेखक मित्रों की सेवा में तत्पर रहे। चाय, नाश्ता, कोल्डड्रिंक, खाना आदि दौर समय-समय पर चलते रहे। साथी मित्र ना-ना करते रहे पर विनोद जी ने इस विषय पर किसी की बात नहीं सुनी।
   अच्छी सेवा के लिए विनोद जी को धन्यवाद। 
विनोद जी की कार से हम मेरठ आबिद रिजवी से मिलने चल दिये। रास्ते में विनोद जी के उपन्यासों की चर्चा चल पड़ी। विनोद जी के उपन्यासों पर फिल्मों की घोषणा भी हुयी, पोस्टर भी जारी हुये पर कुछ कारणों से वह योजना आगे न बढ सकी।
 "विनोद जी आप विनोद प्रभाकर के नाम से जासूसी उपन्यास लिखते थे फिर सुरेश साहिल के नाम से सामाजिक उपन्यास लिखने का विचार कैसे आया?"
विनोद प्रभाकर जी गाड़ी ड्राइव करते हुए, नजरें सामने सड़क पर लगाये हुये थे पर उनका मस्तिष्क प्रकाशक के कार्यालय में घूम रहा था।
"हाँ, यह भी यादगार बात है। मेरे जासूसी उपन्यास अच्छे चल रहे थे पर मन में कहीं न कहीं सामाजिक कहानियाँ भी घूम रही थी। तब सामाजिक उपन्यास किसी अन्य नाम से लिखने का मन किया तो 'सुरेश' भाई के नाम से लिखने आरम्भ किये। प्रकाशन ने कहा की सुरेश नाम छोटा है कुछ और साथ जोड़ों तो सुरेश के साथ साहिल नाम हमें सही लगा।"
"तो इस प्रकार विनोद प्रभाकर जी सुरेश साहिल हो गये।"- जयदेव जी ने कहा।
"आज मेरे बच्चे अपना सरनेम 'प्रभाकर' ही लगाते हैं और भाई के बच्चे अपना सरनेम 'साहिल' लगाने लग गये।"
मेरे दिमाग में तुरंत अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन का ख्याल आया। हरिवंश राय बच्चन का बचपन में 'बच्चवा' कहते थे और उन्होंने 'बच्चवा' को परिष्कृत कर 'बच्चन' बना लिया और यही 'बच्चन' आज उनकी गोत्र हो गयी। ऐसे एक नहीं अनेक उदाहरण है जहाँ गोत्र बदल जाते हैं।
"आपने अपने बालों का स्टाइल नहीं बदला। उपन्यास के बैक कवर में जो आपकी तस्वीर थी वहाँ जो बालों का स्टाइल था वही आज भी है।"- मैंने विनोद जी के बालों की तरफ देखते हुये कहा।
विनोद प्रभाकर जी ने हँसते हुये कहा-"बिलकुल सही कहा। यह मेरा प्रिय स्टाइल है जो आज भी वैसे का वैसा ही है।"
    विनोद प्रभाकर जी ने जहाँ जासूसी उपन्यासों में अच्छी पहचान बनाई है तो वहीं सामाजिक उपन्यासों में पाठकवर्ग 'लौट आओ सिमरन' उपन्यास के तौर पर आज भी सुरेश साहिल जी को जानता है। फिल्म लेखन में रणवीर पुष्प जी के साथ कार्य किया लेकिन किसी कारणवश यह योजना सफल न हो पायी। वहीं उपन्यासकार वेदप्रकाश वर्मा जी के साथ सफल प्रकाशन संस्थान भी चलाई और वर्तमान में दो निजी शिक्षण संस्थानों का संचालन कर रहे हैं।
   
जयदेव चावरिया, आबिद रिजवी जी और विनोद प्रभाकर जी
जयदेव चावरिया, आबिद रिजवी जी और विनोद प्रभाकर जी

             आज आबिद रिजवी जी के घर पर तीन लेखक, तीन पीढ़ियाँ एकत्र हो रही थी। आबिद रिजवी साहब जिन्होंने इब्ने सफी साहब से आशीर्वाद लिया और लेखन आरम्भ किया, विनोद प्रभाकर जी जिन्होंने उपन्यास साहित्य का एक सुनहरा समय देखा, और नये  लेखक जयदेव चावरिया जी, जिनका अभी मात्र एक ही उपन्यास प्रकाशित हुआ है। 
" ये विनोद प्रभाकर जी हैं। उपन्यासकार हैं, खुद का प्रकाशन  भी रहा है।''- मैंने परिचय करवाते हुये कहा।
"मैंने आपका नाम खूब सुना है। मेरठ में रहते हुये भी यह पहली मुलाकात है। आपने शायद मेरा नाम नहीं सुना होगा।"- विनोद जी ने कहा।
" विनोद जी सुरेश साहिल नाम से सामाजिक उपन्यास भी लिखते रहे हैं। "- मैंने कहा।
आबिद रिजवी जी ने बातें ध्यान से सुनी। और धीरे से बोले-" ऐसी बात नहीं है, यह मुलाकात पहली हो सकती है पर आपका नाम मैंने सुना है। आप तो मेरठ से प्रकाशित होते रहे हैं।"
"हाँ, धीरज पॉकेट बुक्स से मेरे उपन्यास प्रकाशित होते रहे हैं।"
आबिद रिजवी का ध्यान जयदेव चावरिया जी की ओर गया और फिर प्रश्नचाचक दृष्टि से मेरी तरफ देखा।
"यह है युवा लेखक जयदेव चावरिया जी।"
"माय फर्स्ट मर्डर केस।"- आबिद रिजवी जी ने तुरंत जयदेव जी के उपन्यास का नाम ले लिया।
"आपको तो सब याद  रहता है।"
आबिद जी धीरे से मुस्कुरा दिये।
फिर धीरे-धीरे विनोद जी और जयदेव जी से विभिन्न विषयों पर चर्चा करते रहे।
आबिद रिजवी जी का प्रिय शिष्य है बल्लू।‌ आबिद रिजवी जी के यहाँ टाइपिंग का बल्लू ही देखता था।  अब भी अक्‍सर बुलाने पर वह आ जाता है। काम के प्रति समर्पित, मिलनासार और हँसमुख बल्लू का परिवार भी प्रकाशन क्षेत्र में है। 
जब धीरज पॉकेट बुक्स की बात चली तो मैंने विनोद जी को बताया की बल्लू के पापा भी धीरज पॉकेट बुक्स में काम करते हैं।
"क्या नाम है?"- विनोद जी ने पूछा।
"....।" बल्लू ने अपने पापा का नाम बताया‌
"अच्छा, मैं उनको जानता हूँ, वह तो एकाउंट का काम देखते हैं।" - विनोद जी ने तुरंत कहा।
"उनसे मेरा जिक्र करना, तो वह जान जायेंगे।"
तब तक चाय नाश्ता आ चुका था। आबिद जी का परिवार की अतिथि सेवा में कोई कमी नहीं रखता। गर्म चाय के साथ कुछ न कुछ गर्मागर्म हाजिर होता है। 
   मैं और बल्लू मेरी किताबें ढूंढने में व्यस्त हो गये। जो किताबें कल नहीं मिली आज तो उन्हें ढूंढना ही था। अब समझ में नहीं आ रहा की वे किताबें कहां गयी।
आखिर में बल्लू को याद आया की पीछे स्नानागार के ऊपर कुछ जगह है जहाँ सामान रखा जा सकता है। और बल्लू अपने कपड़ों की परवाह न करते हुये आखिर वहाँ पहुँच ही गया।
    बल्लू की मेहनत रंग लायी और तीन साल पूर्व के वह तीन कार्टून किताबों के मिल ही गये। हमने वह साल किताबें मेरे एक बैग में रखी। मैं इन किताबों के लिए एक विशेष बैग साथ लेकर गया था।
  
आबिद रिजवी का कुछ समय से स्वास्थ्य सही नहीं है। उपन्यास साहित्य के रोचक किस्से सुनाने वाले आबिद जी इस बार ज्यादातर शांत चित्त होकर बातें सुनते रहे। आबिद जी के स्वास्थ्य की कामना करते हैं। 
जब कल मैं रामपुजारी जी और सुबोध भारतीय जी के साथ आबिद रिजवी जी के घर आया तो वह उपन्यास नहीं मिले थे। तब बल्लू ने कहा कि उपन्यास न मिलने के पीछे कोई वजह तो होगी। और वह वजह आज स्पष्ट हो गयी। एक शहर के, एक ही क्षेत्र में कार्यरत दो उपन्यासकार कभी नहीं मिले और आज वह मुलाकात हो गयी। जिनके पीछे वह तीन कार्टून उपन्यास ही थे। 
    
आबिद रिजवी जी से अनुमति लेकर हम मेरठ बस स्टेण्ड की ओर चल दिये।  रास्ते में विनोद प्रभाकर जी (सुरेश साहिल) अपने लेखन प्रकाशन समय की बातें बताते चले जा रहे थे साथ में जब जिस सड़क से मुड़ते तो उस समय की यादें उनके दिमाग में आ जाती थी।
  
     मेरठ से विदा होकर हम दिल्ली दरियागंज पहुंचे। हालांकि रास्ते में सामाजिक उपन्यासकार सत्यपाल जी से मिलना था लेकिन कुछ कारणों से यह मिलना न हो सका।
Sunday Book Market Delhi
Sunday Book Market Delhi

         दिल्ली का 'सण्डे बुक बाजार' अपनी एक विशिष्ट पहचान रखता है। मैं सन् 2010 में पहली बार यहां आया था। तब यह बाजार नयी सड़क पर था। समय के साथ स्थान परिवर्तन होता रहा। अब यह बाजार सड़क ने किनारे न होकर 'महिला हाट' नामक जगह पर लगता है।  पाठक मित्रों को स्पष्ट कर दू, महिला हाट उसी सड़क पर ही स्थित है कही अन्यत्र नहीं। 
मैं और जयदेव जी कुछ समय तक वहाँ घूमते रहे। 3:30 PM जयदेव भाई की ट्रेन थी तो वह चले गये। अब मैं बुक बाजार में अकेला रह गया। एक भारी बैग को उठाना बहुत मुश्किल काम था। जब जयदेव जी साथ थे दोनों बैग को आसानी से उठा सकते थे, पर अब तो यह बैग परेशानी पैदा कर रहा था। लेकिन जैसे भी, बैग को छोड़ा हो नहीं जा सकता उसमें एक छोटी दुकान जितनी किताबें तो थी। 
Sundaybookmarket
Sunday Book Market Delhi

   बुक बाजार में लोकप्रिय साहित्य से संबंधित कुछ दुकानों पर उपन्यास उपलब्ध थे। पर अधिकांश उपन्यास 'रीमा भारती, केशव पण्डित' और राजा पॉकेट बुक्स, रवि पॉकेट बुक्स से प्रकाशित अंतिम उपन्यास थे या फिर कुछ Ghost writing वाले। 
यहाँ से सामान्य खरीददारी की। मेरे पास राम पुजारी जी का 'ट्राइपाॅड' था, जो यूट्यूब वीडियो बनाने के लिए लिया था। 
राम पुजारी को फोन किया की यह ट्राइपोड कहां पहुंचाऊं तो उन्होंने जिद्द ही कर ली की आप 'नीलम जासूस कार्यालय' अवश्य आओ।
  मेरे लिए भारी बैग को उठाकर ले जाना मुश्किल काम था। पर राम‌ भाई का अनुग्रह। 
सण्डे बाजार से टैक्सी से पुनः कश्मीरी गेट मैट्रो स्टेशन और मैट्रो से रोहिणी पहुंचा।  वहाँ से पुनः ऑटो से नीलम कार्यालय। इस दौरान भारी बैग का जो परिवहन किया, कंधों और कमर का जो दर्द से बुरा हाल हुआ वह सिर्फ महसूस किया जा सकता है। मैट्रो के छोटे से 'entry- exit' गेट से उस बैग को लेकर जाना, बहुत ही कठिन काम था। एक बार कोशिश की कि पीठू बैग को बड़े बैग में रख‌ लू, पर बड़े बैग में इतनी किताबें थी कि छोटा बैग उस में समा ही नहीं रहा था।
  चलो, जैसे-तैसे नीलम जासूस कार्यालय- रोहिणी पहुँच ही गये। शाम के छ बज चुके थे। 
नील‌म जासूस कार्यालय प्रमुख 'सुबोध भारतीय' गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। लम्बा कद, भारी शरीर, हास्य प्रवृत्ति और गहन अध्येता सुबोध जी मिलनसार व्यक्ति हैं।  कुछ देर के इंतजार पश्चात राम पुजारी का आगमन हुआ और फिर साहित्य चर्चा आरम्भ हुयी। 
नीलम जासूस कार्यालय लोकप्रिय उपन्यास साहित्य के अतिरिक्त अन्य साहित्यिक रचनाएँ भी प्रकाशित करता है।  self publishing की व्यवस्थाएँ भी देता है। सुबोध भारतीय जी ने इस विषय पर बहुत अच्छी बात कही।
"उपन्यास प्रकाशन तो नाश्ता है, भोजन का काम तो अन्य पुस्तकों के प्रकाशन से ही होता है।"
  तब तक नाश्ता आ चुका था। राम पुजारी जी ने अतुल जी को फोन किया तो उन्होंने कहां की वह पहुँच ही रहे हैं।
समोसे के साथ चाय का आनंद लेते हुये विभिन्न विषयों पर बाते होती रही। 
"प्रकाशन जगत में चाय-समोसे बहुत प्रसिद्ध रहे हैं।"
"मेहमान का स्वागत तो जरूरी है।"
"योगेश मित्तल जी के संस्मरण पढे हैं। अक्सर चर्चा होती है की प्रकाशक के पास गये तो उन्होंने चाय समोसे मंगवा लिये। वहीं परम्परा आप निभा रहे हैं।"
हमने चाय खत्म ही की थी तब तक 'अतुल प्रभा जी' ने कार्यालय में प्रवेश किया‌। जिनके चेहरे पर प्रभा थी, ह्रदय में भी और बातचीत के दौरान यह भी पता चला की उनका व्यक्तित्व भी अतुल्य है। 
"गुरप्रीत जी आपका नाम सुना है, आपका ब्लॉग मैं अक्सर पढता रहता हूँ। मुलाकात का यह प्रथम अवसर है।"
"यह तो राम भाई का अनुग्रह कहो या जिद्द जिसके चलते मैं यहाँ पहुँच गया।"
राम भाई ने बात आगे बढायी -"दिल्ली आये और नीलम जासूस कार्यालय न आये तो आपकी यात्रा अधूरी रह जाती।"
  यह सच भी है। इस छोटी से मुलाकात में बहुत कुछ सीखने और समझने को मिला।
सुबोध भारतीय जी अपनी ऑफिस चेयर पर विराजमान थे उनके पास ही रामपुजारी जी बैठे थे। सुबोध जी के टेबल के सामने अतुल जी और मैं थोड़ा सा साइड़ में बैठा था। 
  मेरी नजर सुबोध जी पर थी, अचानक मेरे ध्यान में एक बात आयी।
"अतुल जी, एक बात बताइये। सुबोध जी किस व्यक्ति की तरह नजर आते हैं?"
अतुल जी ने एक पल को सोचा और फिर बोले-"अमित शाह की तरह।"
"बिलकुल सही कहा।"
हँसते हुये सुबोध जी ने बताया की एक बार वह किसी होटल में गये तो वहाँ बैठे व्यक्ति ने धीरे उसे पूछा- सर, आप अमित शाह जी हो ना?
  "सुबोध का व्यक्तित्व अमित शाह जी से मिलता है। बस इस Cap का ही फर्क है।"- राम पुजारी जी ने कहा।
"बस कद का फर्क है। इनका कद बड़ा है।"
सुबोध जी ने 'कद' शब्द को ग्रहण किया और तुरंत उत्तर दिया -"नहीं, हमारा 'कद' उनके सामने छोटा है।"
 नीलम जासूस कार्यालय एक सम्मिलित हँसी से गूँज उठा। 
हाँ, एक बात और याद आ गयी। यह तो पता नहीं सुबोध जी ने किस संदर्भ में कही थी पर कथन रोचक था।
"नौकरी के लिए कह रखा था सालों से, सालों से।"
सुबोध जी एक हास्यप्रिय और खुशमिजाज व्यक्ति हैं।
बातों का क्रम बदला।
"आपने 'हैसटैग' पढी होगी, कैसी लगी?"- सुबोध जी ने पूछा।
"शहरी जीवन की रोचक कहानियाँ है। मुझे इसमें बस एक ही कमी लगी।"
सुबोध जी की प्रश्नवाचक निगाहें मेरी ओर थी। एक पल के विराम  पश्चात मैंने कहा।
"मुझे इस किताब में कमी बस इतनी लगी की इसमें कहानियाँ कम है। आठ की जगह दस होनी चाहिए।"
"हा...हा...हा...।" - एक जोरदार ठहाका गूँजा - "यह शिकायत लगभग पाठकों की है।"
  बातचीत की डोर अतुल जी ने संभालते हुये साक्षात्कारकर्ता की तरह प्रश्नों का क्रम आरम्भ किया। 

"गुरप्रीत जी, क्या कारण है आजकल युवावर्ग हिंदी किताबें नहीं पढ रहा?"- अतुल जी ने प्रश्न किया।
"आज का युवा मैट्रो में अंग्रेजी किताब हाथ में पकड़ना अपनी शान समझता है, पर हिंदी नहीं पढना चाहता।"- रामपुजारी जी ने कहा।
"चाहे उस अंग्रेजी पढनी भी न आये, मुश्किल से एक पृष्ठ पढ पाये, पर हाथ में अंग्रेजी किताब ही होगी।"- सुबोध भारतीय जी ने बात आगे बढायी।
" यह समस्या मैट्रो शहरों की हो सकती है या सभी शहरों की हो सकती है, पर हमारे गाँवों की यह समस्या नहीं है। मेरे साथी मित्र सभी हिन्दी पढते हैं इसलिए मुझे ऐसा नहीं लगता।"- मेरा उत्तर था।
"युवा वर्ग को हिंदी साहित्य से जोड़ने के लिए क्या करना चाहिए।"
"पहले आप सभी से मेरा एक प्रश्न है। अपनी पसंद की पाँच हिन्दी में लिखित रचनाएँ बताये?"
राम पुजारी जी और अतुल सर कुछ सोचते तब तक सुबोध भारतीय जी ने अपनी पसंद की पांच किताबें बतायी।

1. आवारा मसीहा
2. चित्रलेखा
3. नाच्यो बहुत गोपाल
4. झूठा सच
5. सीधी सच्ची बातें

" सर, इनमें से कितनी किताबें ऐसी हैं जिनको किशोर वर्ग पढ सकता है। अधिकांश की भाषा इतनी क्लिष्ट है की सामान्य पाठक तो दूर विशेष पाठक भी नहीं समझ सकता।"
"हाँ, यह बात तो सही है।"- अतुल जी ने समर्थन किया।
"हमारे पास बाल साहित्य है, अच्छा है। लेकिन उसके बाद किशोर साहित्य नहीं है जो भविष्य के लिए पाठक तैयार कर सके।"
"हाँ, यह बात तो है।"
"आपकी दृष्टि में क्या समाधान है?"
मैंने मुस्कुराते हुये कहा, -"अतुल जी, मैं एक सामान्य व्यक्ति हूँ, एक पाठक हूँ, मेरा समाधान कहां महत्व रखता है।"
"फिर भी, एक पाठक के तौर पर भी कुछ विचार तो होंगे।"
"खुशवंत सिंह का साहित्य पढें, आर.के. नारायण को पढें यह लेखक रोचक लिखते हैं। चाहे ये अंग्रेजी में लिखते हैं पर अनूवाद पढा है मैंने बहुत रोचक है। पर हिंदी में ऐसा रोचक साहित्य मूल रूप में उपलब्ध ही नहीं।"
"बिलकुल सही बात कही है।''- सुबोध भारतीय जी ने कहा।
" मेरी दृष्टि में एक व्यक्ति है जो किशोर वर्ग हेतु रोचक साहित्य लिख सकता है और वह हैं आप।"- अतुल जी‌ ने सुबोध भारतीय जी की‌ ओर संकेत कर कहा।
"हैसटैग युवाओं को पसंद आयी है।"- राम‌ पुजारी जी ने कहा,-"आपको आगे भी रोचक साहित्य लिखना चाहिए।"
"यह जिम्मेदारी मैं लेता हूँ।"- सुबोध भारतीय जी ने कहा।
यह निर्णय एक संतोषजनक निर्णय लगा। एक लेखक, एक प्रकाशक हिंदी में उस रिक्त स्थान को पूर्ण करने का दायित्व लेता है जिसके कारण हिंदी का किशोर या युवावर्ग साहित्य से दूर हो रहा है। 
 मैंने घड़ी की तरफ देखा तो समय काफी हो चला था। मुझे रोहिणी से सराय रोहिल्ला स्टेशन भी पहुंचना था और वहाँ से मेरी ट्रेन भी थी। और मुझे नहीं लगता था की यह वार्ता का क्रम समाप्त होगा। इस वार्ता को मुझे ही विराम देना था।
"राम भाई, मुझे निकलना होगा। ट्रेन का समय हो जायेगा।"
और फिर 'ना-ना' करते हुये भी बातों का सिलसिला चलत रहा।
  "मेरी तरफ से आपके लिए यह पुस्तक है।" -अतुल जी ने अपना प्रथम उपन्यास 'पल-पल दिल के पास' मेरी तरफ बढाते हुये कहा।
अतुल जी द्वारा लिखित 'पल-पल दिल के पास' इनके जीवन की दारुण कथा है। उपन्यास बहुत ही मार्मिक है।
पल पल दिल के पास अतुल प्रभा
अतुल प्रभा जी के साथ

सुबोध जी द्वारा गुरुदत्त का उपन्यास 'गुंठन' भेंट में प्राप्त हुआ।
  और समय को देखते हुये, भविष्य में‌ पुनः मिलने का वायदा कर मैं नीलम जासूस कार्यकाल से विदा हुआ।  

अन्य महत्वपूर्ण लिंक
परिचय

गुरुवार, 29 सितंबर 2022

मेरठ उपन्यास यात्रा-01

 लोकप्रिय उपन्यास साहित्य को समर्पित मेरा एक ब्लॉग है 'साहित्य देश'। साहित्य देश और साहित्य हेतु लम्बे समय से एक विचार था उपन्यासकारों का एक छोटा सा सम्मेलन हो। कोरोना की वजह से यह विचार हर बार स्थगित करना पड़ा था। लेकिन एक दिन यह पल्लवित हुआ और मैं गुरप्रीत सिंह (बगीचा, श्रीगंगानगर, राजस्थान-335051) निकल पड़ा अपनी उपन्यास यात्रा पर। इस यात्रा के कुछ उद्देश्य पूर्ण हुये और कुछ शेष हैं। शेष का भी अपना एक अलग आनंद है, शेष ही आगामी योजना की नीव रखता है,जैसे इस यात्रा की नीव पिछली यात्रा ने रखी है।

     विद्यालय से पन्द्रह दिनों का  पितृत्व अवकाश था। तो सोचा क्यों न इन दिनों में एक उपन्यास यात्रा की जाये। एक विचार, धीरे-धीरे पल्लवित होता गया। विचार था मेरठ के उपन्यासकारों से मिलना और कुछ गुमनाम हो चुके उपन्यासकारों को खोजना। जिसमें राकेश पाठक जी, वेदप्रकाश वर्मा जी और सी. एम. श्रीवास्तव जी शामिल थे। 
बाये से- दिलशाद अली, गुरप्रीत सिंह, फखरे आलम खान, सुरेश चौधरी, जयदेव चावरिया, विनोद प्रभाकर जी, अन्य
       कुछ माह पूर्व मेरा परिचय उपन्यासकार विनोद प्रभाकर जी से हो चुका था। मलियाना (मेरठ) निवासी विनोद प्रभाकर जी अपने वास्तविक नाम से जासूसी उपन्यास लेखन करते थे और द्वितीय नाम सुरेश साहिल के नाम से सामाजिक उपन्यास लिखते थे। मैंने विनोद प्रभाकर जी से चर्चा की हमें मेरठ में एक छोटा सा आयोजन करना है, लेकिन कोई जगह की व्यवस्था नहीं हो रही। विनोद जी ने तुरंत उत्तर दिया -"गुरप्रीत जी, आप निसंकोच मेरठ आये और जिन भी मित्रों को बुलाना चाहे बुला सकते हैं। मेरा एक फ्लैट खाली है और आप जब तक चाहें वहाँ रुक सकते हैं।"
   विनोद जी का यह प्रस्ताव बहुत ही‌ महत्वपूर्ण था। क्योंकि इस से पूर्व जिन लेखक मित्रों से मेरठ में एकत्र होने‌ की बात चल रही थी उन्हें अभी तक कोई स्पष्ट एड्रेस नहीं दिया गया था।  

       मेरठ के जो भी लेखक मित्र थे उनसे पुनः संपर्क किया।   जिसमें आबिद रिजवी जी, एडवोकेट फखरे आलम खान, एडवोकेट सुरेश चौधरी, दिलशाद अली, आलोक खिलौरी जी। ये सब मेरठ क्षेत्र या नजदीक के रचनाकार थे। इसके अतिरिक्त दिल्ली से राम पुजारी जी और हरियाणा के जयदेव चावरिया जी को भी सूचित किया की तय दिवस पर एक छोटा सा साहित्यिक आयोजन है।

दिनांक 16.09.2022 की शाम को मैं ट्रेन से दिल्ली को रवाना हुआ। पूर्व में यह भी तय हो गया था की दिल्ली सराय रोहिल्ला रेल्वे स्टेशन पर लेखक मित्र जयदेव चावरिया भी पहुँच जायेंगे।
दिनांक 17.09.2022
  मैं सुबह 7:30AM सराय रोहिल्ला रेल्वे स्टेशन पर उतरा। और आठ बजे जयदेव चावरिया जी भी पहुँच गये थे। मैंने राम पुजारी जी से संपर्क किया तो उन्होंने बताया की वे सुबोध भारतीय जी के साथ मेरठ जायेंगे। यह हमारे लिए और भी अच्छी बात थी की इस आयोजन में लेखकों के साथ एक प्रकाशक भी शामिल हो रहे हैं।
सराय रोहिल्ला रेल्वे स्टेशन से हम लो फ्लोर बस से कश्मीरी गेट बस स्टैण्ड पहुंचे।
"यह है तो बस स्टैण्ड ही ना?" मैंने जयदेव से प्रश्न किया। हालांकि मैं यहाँ पहले भी  आ चुका था, पर संशय बरकरार था। 
"मुझे तो यह मैट्रो स्टेशन लगा।"-जयदेव ने कहा।
"नहीं भाई, यह बस स्टैण्ड ही है। वह देखो सामने लगी बस की तस्वीर।" - मैंने एक तस्वीर की तरफ इशारा किया।
"मैं भी सोच रहा था, मैट्रो स्टेशन तो इसकी साइड में है।"-जयदेव जी मैट्रो स्टेशन की तरफ इशारा करते हुये कहा।
हम दोनों ऐसे ही चर्चा करते हुये बस स्टैण्ड के अंदर प्रवेश कर गये। 
कश्मीर गेट बस स्टैण्ड सामान्य बस स्टैण्ड की तरह है भी नहीं। प्रथम दृष्टि वह जैसा नजर आता तो लगता नहीं की वह बस स्टैण्ड है।
"जयदेव भाई, आज हमने चाय भी नहीं पी।"
        अक्सर नये सदस्य के मिलते ही मैं चाय ऑफर जरूर करता हूँ, लेकिन हम दोनों इतनी जल्दी मैं थे की चाय पीने ख्याल ही नहीं आया।
बस चलने में अभी समय था। जयदेव भाई ने दो चाय और  दो सैण्डविच ऑर्डर कर दिये। चाय खत्म होते-होते बस का भी समय हो गया था।
लगभग 9:30 AM हम कश्मीरी गेट बस स्टैण्ड से मेरठ की ओर रवाना हो लिये। जिसके सूचना हमने विनोद प्रभाकर जी को भी दे दी और वाटस एप ग्रुप 'साहित्य देश' पर बाकी मित्रों को भी सूचित कर दिया। 
  लगभग 11:15 AM हम मलियाना क्षेत्र में पहुँच गये थे। विनोद प्रभाकर जी को हमने सूचित कर दिया। हम दोनों वहीं स्थित माॅल में घूमने चले गये। अभी माॅल में पहुंचे ही थे की विनोद प्रभाकर जी के पुत्र माॅल के बाहर अपनी कार के साथ हमे लेने पहुँच गये थे।
  वहाँ से हम नजदीक ही 'ग्रीन विलेज' क्षेत्र में विनोद प्रभाकर जी के फ्लैट नम्बर 802 में पहुंचे।
ब्लू जिंस, सफेद शर्ट में विनोद प्रभाकर जी हमारे स्वागत के लिए तैयार ही थे। मिलनसार व्यक्तित्व,  चेहरे पर चमक और शब्दों में आत्मीयता लिए हुये मिले विनोद प्रभाकर जी। 
कुछ ही देर में एडवोकेट फखरे आलम खान जी पहुँच गये।  अभी कोई विशेष बातचीत का सूत्र हाथ न लगा था। तभी एडवोकेट सुरेश चौधरी जी और फिर दिलशाद अली जी अपने एक मित्र के साथ फ्लैट नम्बर 802 में उपस्थित हो चुके थे। 
Meerut writer
सुरेश चौधरी और फखरे आलम खान

  एक बार सभी का परस्पर परिचय हुआ और फिर चर्चा का दौर एक बार आरम्भ हुआ तो विभिन्न विषयों पर निरंतर चलता रहा।
"ये हैं एडवोकेट फखरे आलम खान 'विद्यासागर'।"- मैंने फखरे आलम‌ जी का परिचय करवाते हुये कहा। 
" आज दो एडवोकेट लेखक मिल रहे हैं। यह तो और भी अच्छी बात है‌।" - विनोद प्रभाकर जी ने कहा।
"यह हमारी बदकिस्मत है की हम एडवोकेट हैं।" - फखरे आलम खान जी ने कहा।
"यह तो अच्छी बात है की आप लेखक होने के साथ-साथ एडवोकेट भी हैं।"
" यही तो बदकिस्मती है।"
"नहीं। मैं इस बात को स्वीकार नहीं करता।"- सुरेश चौधरी जी ने कहा। 
दो लेखक एडवोकेट तर्क- वितर्क करने लगे और बाकी दिलचस्पी से सुन रहे थे।
" भाई, आखिर इसमें बुरा क्या है?"- दिलशाद अली जी ने पूछा।
" एक लेखक इमोशनल होता है और एडवोकेट थोड़ा कठोर हृदय होता है। इसलिए मैं दोनों में सामंजस्य नहीं बैठा पाता।"
"एडवोकेट का तो वास्ता तो अनके लोगों से होत है, वह तो वास्तविकता को अच्छे से अभिव्यक्त कर सकता है।"- मैंने कहा।
" हाँ, वास्तविकता तो लिख सकता है लेकिन वकालत झूठ के बिना चल नहीं सकती और एक साहित्यकार को झूठ से बचना चाहिए।"
"सुरेश जी तो साहित्यकार और वकील हैं।"- विनोद प्रभाकर जी ने कहा।
"हम तो अपनी बात बता रहे हैं।"- फखरे आलम जी ने कहा।
"दोनों अलग-अलग बाते हैं।"- सुरेश चौधरी जी ने कहा-" मैं जब कचहरी में होता हूँ तो सिर्फ वकील होता हूँ, वहाँ भावुकता काम नहीं करती वहाँ सिर्फ तर्क चलेगा और जब साहित्य के क्षेत्र में होता हूँ तो वहाँ मैं वकील नहीं होता सिर्फ एक लेखक होता हूँ।"
"यह बहुत अच्छी बात कही।"- जयदेव जी जो अब तक चुप थे उन्होंने ने कहा।
" एक बात और बताऊँ।"- सुरेश चौधरी जी ने कहा- "हम वकील जब जज के सामने पेश होते हैं तो स्वयं को सबसे तेज व्यक्ति समझते हैं और सामने वाले को मूर्ख। यहाँ तक की हमें जज साहब भी अपने सामने ऐसे ही प्रतीत होते हैं।"
सुरेश चौधरी जी की बात पर एक जोरदार अट्टहास कमरे में गूंज उठा। 
    मैंने सुरेश चौधरी जी का उपन्यास 'अहसास' पढा था जो एक सामाजिक उपन्यास है। वहीं सोशल मीडिया पर सुरेश जी से चर्चा होती है तो लगता नहीं की वह इतने हाजिर जवाब, बोलते में तेज होंगे। जैसा उन्होंने कहा की वह कचहरी के अंदर और बाहर अलग -अलग हैं ठीक वैसे ही वह सोशल मीडिया पर और उस से बाहर निकल अलग व्यक्ति हैं। स्वच्छंद हास्य, जिंदादिल और मित्रों के मित्र वाले व्यक्तित्व वाले हैं सुरेश चौधरी जी।
सुरेश चौधरी और विनोद प्रभाकर जी के साथ
      विनोद प्रभाकर जी के पुत्र ने बातचीत के मध्य चाय की व्यवस्था कर रखी थी। 
"पहले चाय -नाश्ता हो जाये। बातचीत तो यू ही चलती रहेगी।"- विनोद प्रभाकर जी ने कहा।
" चाय की तो आवश्यकता है।"
ड्राइंग रूम में सब व्यवस्था थी। हम अंदर वाले कमरे से बाहर आकर बैठ गये। यहाँ और भी सुविधाजनक था।  इसी दौरान श्री आलोक सिंह खालौरी जी का आगमन भी हो गया। 
"ये हैं आलोक सिंह जी।"- जयदेव जी ने परिचय देते हुये कहा- ''इनके राजमुनि, वो और तरकीब आदि उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं।"
"अच्छा। आलोक जी कहा से हैं?"- विनोद प्रभाकर जी ने पूछा।
आगे परिचय स्वयं आलोक जी ने ही दिया। 
विनोद प्रभाकर जी को अपना उपन्यास भेंट करते हुये जयदेव चावरिया जी

राम पुजारी जी को अपना प्रथम उपन्यास भेंट करते हुये दिलशाद अली जी

लेखकों का मिलन। वाक्य स्वयं में रोमांच पैदा करता है। मैं उस रोमांच का प्रत्यक्षदर्शी था। यहाँ उपस्थित लेखकगण सोशल मीडिया के माध्यम से एक दूसरे से परिचित अवश्य थे लेकिन प्रत्यक्ष मिलन का यह प्रथम अवसर था। लेकिन यहाँ लेखक मित्रों में उत्साह, उमंग औत अपनत्व था वह अविस्मरणीय है। 
सुरेश चौधरी जी पेशे से वकील हैं लेखन उनका शौक। एक अच्छे वकील को एक अच्छा वक्ता होना अतिआवश्यक है। और सुरेश चौधरी जी जितने अच्छी व्यक्ति हैं उतने ही अच्छे वक्ता भी। उपन्यास लेखन में हो सकता है व्याकरण दोष कर जायें लेकिन बोलते वक्त तो अर्द्ध विराम का भी समुचित प्रयोग करते नजर आते हैं।  उनकी वाणी, बोलने का लहजा और शब्दावली  विशिष्ट होते हैं। 

फखरे आलम जी को कहीं काम पर जाना था इसलिए वह जाने की जल्दी में थे। पर मेजबान साथी विनोद जी का आग्रह और बाकी साथियों की विनम्र प्रार्थना के चलते वह कुर्सी से उठते-उठते फिर बैठ जाते थे।  
   अभी कोल्ड ड्रिंक का दौर चल ही रहा था की आलोक जी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवा दी। शांत स्वभाव के आलोक जी यहाँ  महत्वपूर्ण विषय हो अभी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाते थे शेष समय शांतचित्त होकर बात सुनते रहे।
           यहाँ उपस्थित हर एक लेखक की अपनी-अपनी विशेषता रही है।‌ विनोद प्रभाकर जी उस समय के लेखक हैं जब लोकप्रिय उपन्यास साहित्य का स्वर्णकाल था। विनोद प्रभाकर जी ने सुरेश साहिल जी के नाम से सामाजिक उपन्यास लेखन भी किया है।‌ सुरेश साहिल नाम कैसे पड़ा यह आगे देखते हैं।
वहीं आलोक जी का साहित्य मनोरंजक होते हुए भी अपनी एक अलग विशेषताएँ लिये हुये है। युवा लेखकों में दिलशाद अली जी के अब तक दो उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं 'सिटी आॅफ इविल' और 'युगांतर- एक प्रेम कथा' दोनों कथा स्तर पर नवीनता लिये हुये हैं। सिटी ओफ इविल तो लोकप्रिय साहित्य में एक नया प्रयोग है। और जयदेव चावरिया जी को अभी और मेहनत की अतिआवश्यकता है उनका एकमात्र उपन्यास'माइ फर्स्ट मर्डर केस' प्रकाशित हुआ है लेकिन उपन्यास का स्तर उस दौर की याद दिलाता है जब उपन्यास एक्शन से भरपूर होते थे।
    उपन्यासकार फखरे आलम खान जी सुरेश चौधरी दोनों सामाजिक उपन्यासकार हैं। समाज में घटित, वकालत क्षेत्र के अनुभवों को अपने उपन्यासों में प्रदर्शित करते हैं।
       लम्बी चर्चा के दौरान रामपुजारी का फोन आया की आप कहां हो? 
 मैंने बताया कि मैं तो यहाँ विनोद जी के फ्लैट पर हूँ और आपका इंतजार कर रहे हैं सभी। लेकिन रामपुजारी जी और सुबोध भारतीय जी प्रकाशन के संबंध में जनप्रिय लेखक ओमप्रकाश शर्मा जी के पुत्र वीरेन्द्र शर्मा जी के पास गये हुये थे। और राम पुजारी के आग्रह पर मुझे लेखक मित्रों का साहित्यिक आयोजन एक बार बीच में छोड़ना पड़ा।
''क्षमा के साथ एक निवेदन है।"- मैंने कहा- "रामपुजारी जी का फोन आया है तो मैं एक बार उनके पास जा रहा हूँ और उन्हें साथ लेकर ही‌ लौटता हूँ।"
"गुरप्रीत जी, टिफिन का बोल दिया है, आप खाना खाकर ही जाना।"- विनोद प्रभाकर जी ने कहा।
" नहीं सर, राम पुजारी जी की गाड़ी नीचे (फ्लैट के नीचे)  पहुँच गयी होगी। मैं जल्दी वापस आता हूँ। " - मैंने कहा "और हाँ, कोई साथी यहाँ से जायेगा नहीं, जब तक मैं वापस नहीं आता।"
   हालांकि बीच आयोजन के ऐसे जाना उचित तो न था पर मुझे आबिद रिजवी जी के यहाँ कुछ काम था और फिर राम भाई का आग्रह न टाल सका।
  
  जनप्रिय लेखक ओमप्रकाश शर्मा जी के घर पर श्री राम पुजारी जी, श्री सुबोध भारतीय जी और ओमप्रकाश शर्मा जी के पुत्र श्री वीरेन्द्र शर्मा जी से एक स्निग्ध मुलाकात हुयी।
   जिस कुर्सी पर बैठकर जनप्रिय जी लेखन करते थे वह कुर्सी आज भी अच्छी स्थिति पर ड्राइंग रूम में उपस्थित है। वहीं एक तरफ एक सैल्फ में ओमप्रकाश शर्मा जी के उपन्यास रखे हुये थे। यहाँ एक जानकारी यह भी मिली की ओमप्रकाश शर्मा जी का एक उपन्यास छोडकर बाकी सब उपन्यास संग्रह में उपलब्ध हैं। 
   वीरेन्द्र शर्मा जी ने विशेष आग्रह कर चाय पिलाई। वीरेन्द्र शर्मा जी और उनकी पत्नी का अपनत्व स्मरण रहेगा। 
   यहाँ से हम तीनों आदरणीय आबिद रिजवी साहब के घर पहुंचे। आबिद रिजवी जी से यह एक लम्बे समय पश्चात्‌ मुलाकात थी। इन दिनों वह अस्वस्थ थे, इसलिए कम ही बोल रहे थे। 
   बल्लू आबिद रिजवी जी का प्रिय शिष्य है। मेरा बल्लू से पूर्व परिचय भी रहा है। मैंने फोनकर बल्लू को बुलाया। जब मैं पहली बार मेरठ आया तो मुझे यहाँ से बहुत सारी किताबें मिली थी, तीन छोटे कार्टून। और वह किताबें आबिद जी के घर पर ही रखी हुयी थी। लगभग तीन साल पूर्व रखी हुयी किताबे ढूंढना मुश्किल कार्य था। बल्लू के सहयोग से हमने बहुत कोशिश की, परंतु वह किताबें न‌ मिली। हर संभावित स्थान पर खोज की, पर असफलता हाथ लगी।
    आबिद रिजवी के घर की एक विशेषता है और वह है महकदार, स्वादिष्ट चाय- नाश्ता। सुबोध भारतीय जी और राम पुजारी जी के मना करते हुये भी आबिद रिजवी जी की नातिन ने चाय-नाश्ते की प्लेटे सजा दी। 
  नाश्ते के दौरान चर्चा जारी रही। बाहर हल्की- हल्की बरसात होने लगी थी। सुबोध जी और रामपुजारी जी ने वहाँ से विदाई ली पर मैं और बल्लू पुनः पुस्तकें ढूंढने लगे। पर वह न मिली।
  मैंने भी आबिद रिजवी जी से विदाई ली और बल्लू मुझे बाईक  'ग्रीन विलेज' छोड़ने चल दिया।
  रास्ते में बल्लू ने एक बहुत अच्छी बात कही। और वह सत्य भी हुयी।
" बल्लू, आखिर वह किताबें कहां चली गयी? तीन कार्टून थे।"
"भईया, जो भी होता है अच्छे के लिए होता है। आज किताबें नहीं मिली तो इसके पीछे कोई कारण तो होगा।"- बल्लू ने उत्तर दिया। 
वास्तव में बल्लू का यह कथन दूसरे दिन सत्य साबित हुआ।
      जब मैं पुनः ग्रीन विलेज विनोद प्रभाकर जी के फ्लैट पर पहुचा तो महफिल जारी थी और रामपुजारी जी तथा सुबोध जी भी इस महफिल में उपस्थित थे। लेखकों की यह महफिल प्रकाशक के बिना अधूरी थी, यह कमी श्री सुबोध भारतीय जी ने पूरी कर दी।
यहाँ एक बात बड़ी रोचक रही। राम पुजारी जी एक लेखक हैं, पर वह इस आयोजन में एक प्रकाशक के साथ आये थे। सुबोध भारतीय जी जब भी कोई प्रकाशन की बात करते तो बाकी सब मजाक में कहते की आप हमारी किताब पर कितनी राॅयल्टी दोगे।
" राॅयल्टी तो देंगे। बस कंटेंट अच्छा होना चाहिए। बाकी राम पुजारी जी को पता है वर्तमान में प्रकाशकों का क्या हाल है।"- सुबोध भारतीय जी ने कहा।
"राम पुजारी जी आप प्रकाशक की तरफ हैं या लेखकों की तरफ, पहले यह तय कर लीजिए।"- सुरेश चौधरी जी ने हँसते हुये कहा।
" मैं तटस्थ हूँ। "
"प्रकाशक के साथ आये हैं तो प्रकाशक का साथ देंगे।"- सुबोध जी ने कहा।
" राम पुजारी जी पहले लेखक हैं।"- आलोक जी कहा।
अब राम‌ पुजारी जी अजीब कशमकश में थे आखिर किसका पक्ष ले। यह हास्य वार्ता भी काफी रोचक रही। 
सुबोध भारतीय जी जब हँसते हैं तो दिल खोकर हँसते हैं। वहीं राम‌पुजारी जी धीमे से मुस्कुरा कर काम चला लेते हैं। 
"चलो सब लेखक सहयोग करे तो मिलकर एक कहानी संग्रह निकाला जा सकता है।"
"कैसा सहयोग?"- आलोक जी ने पूछा।
" सभी लेखक आर्थिक सहयोग करें और अपनी-अपनी कहानी भेजे तो हम एक कहानी संग्रह निकाल सकते हैं।"
"अच्छा, हम आर्थिक सहयोग करें।"- सुरेश जी की बुलंद आवाज गूंजी -" हम तो आपसे राॅयल्टी की उम्मीद कर रहे थे।"
"अब सोपिजन ने एक एक संयुक्त कथा संग्रह भी निकाला है।"- जयदेव जी ने कहा।
" हाँ, उसमे मेरी भी कहानी है।"- सुरेश जी ने कहा।
तब तक जयदेव जी सोपिजन का वह कहानी संग्रह निकाल लाये थे। 
"ये देखो।"- सुरेश जी कहा-" इसमें हमारी कहानी भी है और कोई आर्थिक सहयोग भी नहीं लिया गया।"
   इस किस्से को रोकते हुये विनोद प्रभाकर जी ने उपन्यास प्रकाशन के विषय में सुबोध जी से जानकारी लेनी आरम्भ की। एक समय विनोद प्रभाकर जी प्रकाशक रह चुके हैं। वर्तमान में दो निजी शिक्षण संस्थानों के स्वामी और संचालक हैं। अपने एक नये उपन्यास पर भी काम कर रहे हैं। उसी उपन्यास के विषय में सुबोध जी और विनोद जी की चर्चा चलती रही।
   इस प्रकार यह हास्य- व्यंग्य वार्ता तब तक चलती रही जब तक सुबोध जी और राम पुजारी जी ने विदा नहीं ली। दोनों के जाने के बाद एक बार शांति छा गयी और फिर सभी एक एक कर वहाँ से विदा हो गये।
पीछे रह गये मैं और जयदेव चावरिया जी।
 'साहित्य देश' ब्लॉग के माध्यम से मेरा और सहयोगी मित्रों का एक अल्प प्रयास है उपन्यास साहित्य का संरक्षण करना और इसी प्रयास हेतु मैं 'उपन्यास यात्रा' करता हूँ। इन यात्राओं में कुछ उद्देश्य पूर्ण हो जाते हैं और कुछ अधूरे रह जाते हैं, यही अधूरे उद्देश्य आगामी यात्रा की नींव रखते हैं। 
   साहित्य संरक्षण और साहित्य की जानकारी हेतु मेरठ में यह एक छोटा सा आयोजन किया गया था। जिसमें कुछ लेखक मित्रों से मिलना हुआ, कुछ जानकारी सांझा हुयी और उस से भी बढकर जो अपनत्व मिला वह अविस्मरणीय है। यहाँ संस्मरण लिखना तो उस क्षणों को याद रखने का एक छोटा सा माध्यम है क्योंकि उन‌ लम्बी बातों को इस छोटे से पृष्ठ में समेटना संभव ही नहीं।
इस यात्रा का शेष इस लिंक पर पढें- मेरठ उपन्यास यात्रा-भाग द्वितीय

Featured Post

मेरठ उपन्यास यात्रा-01

 लोकप्रिय उपन्यास साहित्य को समर्पित मेरा एक ब्लॉग है 'साहित्य देश'। साहित्य देश और साहित्य हेतु लम्बे समय से एक विचार था उपन्यासकार...