लेबल

गुरुवार, 30 दिसंबर 2021

नये उपन्यास- दिसंबर 2021

          Hindi Pulp Fiction के पाठकों को नमस्कार।
नववर्ष -2022 की हार्दिक शुभकामनाएं

सन् 2021 खत्म होने  वाल है और नये वर्ष का आरम्भ। इस अवसर पर सभी पाठक मित्रों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं।

     बीता हुआ समय अपने साथ बहुत सी खट्टी-मीठी यादें छोड़ जाता है। और हम भी उन यादों के साथ मुस्कुराते हैं तो कभी आँसू बहाते हैं। लेकिन जो बीत गया सो बात गयी। 

     मनुष्य में एक प्रवृत्ति और भी है वह है नववर्ष पर संकल्प की। अक्सर हम संकल्प भी लेते हैं आगामी वर्ष के लिए, यह अलग बात है की अधिकांश मित्रों के संकल्प सिर्फ संकल्प ही रह जाते हैं, दृढ़ इच्छाशक्ति के अभाव में पूर्ण नहीं होते।

        आप भी इस वर्ष पर अगर कोई संकल्प ले रहे हैं तो उसे पूर्ण करने की कोशिश कीजिएगा।

    अब कुछ साहित्यिक चर्चा। 

   सन् 2021 जा रहा है और नववर्ष 2022 आ रहा है। साहित्य देश ब्लॉग ने हर बार कुछ नया करने की कोशिश की है। वह चाहे उपन्यास समीक्षा हो, लेखक साक्षात्कार हो, लेखक परिचय हो या कुछ और हमारा प्रयास सतत जारी है। इस वर्ष भी हमारी कोशिश रहेगी की हम ज्यादा से ज्यादा जानकारी पाठकों तक पहुंचा सके।  लेकिन इसके लिए आप पाठक मित्रों का सहयोग आवश्यक है।आज भी बहुत से लेखक और उपन्यास पाठकों की पहुंच से दूर हैं। आप के संयुक्त प्रयास से ही हम समस्त जानकारी को एकत्र कर पायेंगे। आपका एक छोटा सा सहयोग का संकल्प उपन्यास साहित्य में मील का पत्थर हो सकता है। 

आओ मिलकर उपन्यास साहित्य संरक्षण में योगदान दें।

  अब चर्चा सन् 2021 के अंतिम माह में प्रकाशित उपन्यासों की।

1. महल - चन्द्रप्रकाश पाण्डेय
    प्रकाशक- थ्रिल वर्ल्ड

        हाॅरर श्रेणी के उपन्यासों में जो प्रयोगात्मक लेखन चन्द्रप्रकाश पाण्डेय जी ने किया है वह अद्वितीय है। उनके उपन्यासों का पाठकों को इंतजार रहता है। 

   'थ्रिल वर्ल्ड' से चन्द्रप्रकाश पाण्डेय जी का उपन्यास 'महल' प्रकाशित हो रहा है।

2. बवण्डर - सुरेश चौधरी
     प्रकाशक- रवि पॉकेट बुक्स

       लोकप्रिय उपन्यास साहित्य में आज अधिकांश लेखक जासूसी लेखन कर रहे हैं वही सुरेश चौधरी जी सामाजिक उपन्यास की कमी को पूर्ण कर रहे हैं। लोकप्रिय उपन्यास साहित्य की एक विधा को जीवित रखने का सराहनीय प्रयास है।

बवण्डर - सुरेश चौधरी
प्राप्ति के लिए सम्पर्क- 9412200594

3. जीरो डिग्री- देवेन्द्र पाण्डेय
     प्रकाशक- सूरज पॉकेट बुक्स
       
लेखन के क्षेत्र में अगल पहचान स्थापित करने वाले देवेन्द्र पाण्डेय की रचनाओं का पाठकों को हमेशा इंतजार रहता है। उसी इंतजार को खत्म कर रही है उनकी नयी रचना 'जीरो डीग्री'।
दुर्गम बर्फीली घाटियों में हुयी एक दुर्घटना के दौरान भूस्खलन में दफन हो गए कुछ लोग किसी प्रकार जीवित बच गए, लेकिन जल्द ही उन्हें अहसास हो गया था कि उनके भीतर कुछ बदल चुका है। उनका सामना अपने भीतर छिपे दानव से हुआ और अब उनकी जिंदगी दूसरों के लिए बुरा सपना बन चुकी थी।
बर्फीली घाटियों में क्रूरता का एक ऐसा खेल शुरू हुआ जिसने इंसान और राक्षस की परिभाषा बदल कर रख दी।

प्राप्ति लिंक- जीरो डीग्री - देवेन्द्र पाण्डेय

4.  जुनून- विकास सी. एस. झा
     प्रकाशक- सूरज पॉकेट बुक्स

शालिनी खेतान का सरेशाम कत्ल उसके ही घर के अंदर हुआ था और जिस पर कातिल होने का शक था वो खुद कत्ल कर दिया गया। तो आखिर कौन था इन दो कत्लों के पीछे ? डबल मर्डर की ये गुत्थी पुलिस के सुलझाए न सुलझ पा रही थी। क्या ये कोई ड्रग एंगल था या फिर कुछ और ही था ? ऐसे में क्या प्राइवेट डिटेक्टिव अश्विन ग्रोवर कामयाब हो पाता है कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाने में ? कहीं खुद उसकी क्लाइंट ही तो नहीं इन सब बातों के पीछे ? लालच, महत्वकांक्षा और जुनून की एक ऐसी रहस्यमय गाथा जो आपको रोमांच के समुंदर की गहराइयों तक लेकर जाएगी। डबल मर्डर की इस पूरी दास्तान को जानने के लिए पढ़िए विकास सी एस झा द्वारा लिखित अश्विन ग्रोवर सीरीज का पहला उपन्यास ‘जुनून – ए मर्डर मिस्ट्री’

प्राप्ति लिंक- जुनून- विकास सी. एस. झा


5. दी सुसाइड केस- सुप्रिया प्रवाह
   प्रकाशक- सूरज पॉकेट बुक्स

   हिमालय यात्रा से आने के सिर्फ तीन दिन बाद ही सुपरस्टार आरव की लाश रेल की पटरी पर मिलती है। आरव की संदेहास्पद मौत की जाँच करते हुए उसकी एक्स गर्लफ्रेंड एसीपी कलसी, उसका दोस्त दीपक व उसका वकील अरुणाचल पहुंचते है । नन्हे लामा और वकील के लापता होते ही एसीपी कलसी के शक की सुई वकील पर अटक जाती है। आखिर क्या है आरव की मौत का राज?
मुंबई से अरुणाचल, नेपाल, तिब्बत, कैलाश और फिर मुंबई से इंदौर, रुड़की तक के इस रोमांचक रहस्यमई यात्रा में मर्डर मिस्ट्री के साथ दोस्ती, प्यार, व्यथा और भावुकता है। यह अद्भुत कहानी है एक मानव जीवन के संघर्ष, उसके जीने की इच्छा और आत्मदर्शन की।
6. गैंग आॅफ फोर- सुरेन्द्र मोहन पाठक
      सुरेन्द्र मोहन पाठक जी की चर्चा के बिना तो यह स्तम्भ अधूरा है। लोकप्रिय साहित्य में एक सशक्त स्तम्भ हैं सुरेन्द्र मोहन पाठक।
    पाठक जी का विमल सीरीज का 46 वां उपन्यास है।
प्राप्ति लिंक - Gang OF Four
   


 सुरेन्द्र मोहन पाठक जी की दो बाल साहित्यिक रचनाएँ लगभग चासीस वर्ष पश्चात साहित्य विमर्श द्वारा पुनः प्रकाशित हो रही हैं।

- कुबड़ी बुढिया की हवेली
- बेताल और शहजादी

4 टिप्‍पणियां:

Featured Post

मेरठ उपन्यास यात्रा-01

 लोकप्रिय उपन्यास साहित्य को समर्पित मेरा एक ब्लॉग है 'साहित्य देश'। साहित्य देश और साहित्य हेतु लम्बे समय से एक विचार था उपन्यासकार...