लेबल

शनिवार, 18 जून 2022

यादें वेदप्रकाश शर्मा जी की -21

यादें वेद प्रकाश शर्मा जी -21
प्रस्तुति- योगेश मित्तल

           ==============
उसके बाद हमारे बीच पारिवारिक बातें होती रही। उन्हीं बातों के बीच एक बार चाय और आ गई, लेकिन इस बार चाय के साथ नमकीन और बिस्कुट भी थे। हम चाय खत्म भी नहीं कर पाये थे कि घर में बने पकौड़े आ गये। मुझे आश्चर्य हुआ, क्योंकि मेरे सामने वेद ने पकौड़ों का कोई आदेश नहीं दिया था।
यह पहला अवसर नहीं था, इससे पहले भी और बाद में भी अनेक अवसर ऐसे आये, जब वेद के यहाँ अपनेपन का गहरा स्पर्श मैंने महसूस किया। वेद की मेहमाननवाजी और सत्कार ने हर बार मेरे दिल में उसका कद पहले से अधिक ऊंचा किया था।
चाय नाश्ते के बाद वेद ने फिर कहा -"तो फिर नावल कब से शुरू करेगा?"
"फिलहाल दस-पन्द्रह दिन तो तुम्हारे विजय विकास सीरीज़ के उपन्यास पढ़ने में लगाऊँगा, उसके बाद ही टाइपिंग आरम्भ करूँगा।" मैंने कहा! 
"टाइपिंग...?" - वेद चौंक गया -"टाइपराइटर ले लिया है तूने?"
"नहीं, एक सेकेण्ड हैण्ड फोर एट सिक्स ले लिया है, आजकल उसी पर टाइपिंग करता हूँ।"
"फोर एट सिक्स...?"
"कम्प्यूटर...।"
"तूने कम्प्यूटर ले लिया...?"-  वेद ने आश्चर्य व्यक्त किया।

गुरुवार, 16 जून 2022

एक शीर्षक- अनेक लेखक

 'एक शीर्षक- अनेक लेखक' स्तम्भ के अंतर्गत हम कुछ ऐसे शीर्षकों से आपका परिचय करवा रहे हैं, जहाँ एक ही शीर्षक से भिन्न- भिन्न लेखकों ने उपन्यास लेखन किया है। 
   यहाँ मात्र उपन्यास शीर्षक की ही सामानता दर्शायी गयी है उपन्यासों में कहानी अलग-अलग है।


एक शीर्षक- अनेक लेखक
  1. कानखजूरा-   विमल शर्मा, दिनेश ठाकुर
  2. रक्त मंदिर -    कुशवाहा कांत, राज भारती
  3. चाण्डाल चौकड़ी - प्रकाश भारती, सुरेन्द्र मोहन पाठक, नागपाल
  4. मायाजाल - राज भारती, अनिल मोहन
  5. सीक्रेट एजेंट-  सुरेन्द्र मोहन पाठक, अनिल मोहन, राहुल
  6. प्रेत सुंदरी-     परशुराम शर्मा, रजत राजवंशी
  7. बगावत -   गोविन्द सिंह, जयंत कुशवाहा
  8. कागज के फूल- गोविन्द सिंह,  राजहंस
  9. कहीं पर निगाहें, कहीं पर निशाना- लाट साहब, अनिल मोहन
  10. जजमैंट - वेदप्रकाश शर्मा, अनिल सलूजा
  11. चकमा - वेदप्रकाश शर्मा, केशव पण्डित
  12. खतरनाक आदमी - गुप्तदूत, अनिल मोहन, अमित खान
  13. मुँह तोड़ जवाब-  केशव पण्डित, बादल (पवन पॉकेट बुक्स)
  14. देखो और मार दो- राजभारती, प्रेम कुमार शर्मा
  15. चोट पर चोट-  रीमा भारती, बिमल चटर्जी
  16. आदमखोर- परशुराम शर्मा, राहुल, अनिल सलूजा, जनप्रिय लेखक ओमप्रकाश शर्मा
  17. चोरों की बारात- सुरेन्द्र मोहन पाठक, परशुराम शर्मा
  18. जीरोलैण्ड- परशुराम शर्मा, रीमा भारती
  19. जादूगरनी - जनप्रिय लेखक ओमप्रकाश शर्मा, सुरेन्द्र मोहन पाठक
  20. विश्वास की हत्या- राजहंस, सुरेन्द्र मोहन पाठक
  21. नागिन -  दिनेश ठाकुर, शैलेन्द्र तिवारी
  22. आहुति - प्रेम बाजपेयी, कुशवाहा कांत
  23. फिरंगी -  वेदप्रकाश शर्मा, रीमा भारती
  24. प्रतिशोध- जगदीशकृष्ण जोशी, सुरेश चौधरी
  25. सुनामी -  राकेश पाठक, मिस्टर
  26. सब मरेंगे बारी- बारी- बिमल चटर्जी, रजत राजवंशी
  27. दरिंदा- वेदप्रकाश शर्मा, राजभारती, राजहंस, शिवा पण्डित, अनिल मोहन
  28. सुअर का बाल- विनय प्रभाकर, शिवा पण्डित
  29. कर बुरा हो भला- अनिल सलूजा, शिवा पण्डित
  30. खलिफा- वेदप्रकाश शर्मा, शिवा पण्डित
  31. कत्ल की मशीन- राकेश पाठक, शिवा पण्डित
  32. राक्षस- नितिश सिन्हा, शिवा पण्डित
  33. उसके साजन- कुशवाहा कांत, राजहंस



रविवार, 12 जून 2022

हरेन्द्र हिलालपुरी

नाम- हरेन्द्र हिलालपुरी

      हिंदी जासूसी साहित्य में मेरी अब तक की यात्रा में हमने (साहित्य देश टीम) साहित्य सागर का जितना मंथन किया है, हमारे हाथ नया मोती ही लगा है। उपन्यासकारों की जानकारी मात्र उनके लिखे उपन्यास ही हैं, स्वयं लेखकों को खोजना और भी कठिन कार्य है। 


फिर भी हमारे प्रयास यथासंभव जारी रहेंगे।

    एक उपन्यासकार हरेन्द्र हिलालपुरी के विषय में संक्षिप्त जानकारी मिली है,वह भी उनके प्रथम उपन्यास से। इनके उपन्यास 'चन्द्रहास' प्रकाशन से प्रकाशित होते रहे हैं, ध्यान रहे स्वयं 'चन्द्रहास' भी एक उपन्यासकार रहे हैं। हरेन्द्र हिलालपुरी का उपन्यास इन्हीं चन्द्रहास के प्रकाशन बिहार से प्रकाशित हुआ है।

हरेन्द्र हिलालपुरी के उपन्यास

  1. मार दो साले को (प्रथम उपन्यास)
  2. गाँधी वाला गुण्डा 
संपर्क
हरेन्द्र हिलालपुरी

हिलालपुरी, बिदुपुर
वैशाली - बिहार- 844509


शनिवार, 11 जून 2022

अमित कुमार द्विवेदी

नाम - अमित कुमार द्विवेदी

     लोकप्रिय उपन्यास साहित्य सागर में एक और मोती मिला है, जिसका नाम है - अमित कुमार द्विवेदी।

  हालांकि अमित कुमार द्विवेदी जी के विषय में कोई विशेष जानकारी उपलब्ध नहीं होती। इनका एक उपन्यास 'हत्यारी दौलत' मिला है, जिसके आधार पर पता चला है अमित कुमार द्विवेदी जी उत्तर प्रदेश के 'जालौन' जिले से संबंधित हैं।

अमित कुमार द्विवेदी के उपन्यास

  1. हत्यारी दौलत (शिवा पॉकेट बुक्स)
  2. वर्दी वाला डकैत (युवराज सिंह सीरीज)
  3. तड़पते दिल 
संपर्क- 
अमित कुमार द्विवेदी पुत्र श्री अशोक कुमार द्विवेदी
     गुरु का इंटौरा
     जालौन, उत्तर प्रदेश- 285202
ध्यान दें- 
लेखक महोदय के विषय में किसी भी मित्र के पास कोई भी जानकारी हो तो हमसे संपर्क करें।
Email - sahityadesh@gmail.com
Mob. -   9509583944

बुधवार, 1 जून 2022

राजहंस उपन्यास साहित्य- महत्ता और प्रासंगिकता

लोकप्रिय उपन्यास साहित्य- महत्ता और प्रासंगिकता

(राजहंस के विशेष संदर्भ में) डाॅ. ओकांरनारायण सिंह
  
लोकप्रिय उपन्यास साहित्य में उपन्यासों की विशिष्टताओं पर कभी कुछ नहीं लिखा गया। किसी भी साहित्य की व्याख्या में उसकी रचनाओं के संदर्भ में जब तक कुछ वर्णन न हो तो उस साहित्य को समझना कुछ क्लिष्ट हो सकता है। इसी संदर्भ में डाॅ.ओंकार नारायण सिंह (सेवानिवृत्त सह-आचार्य, इतिहास) उपन्यासकार राजहंस उर्फ केवलकृष्ण कालिया जी के उपन्यासों की विशिष्टताओं पर यह विशेष आलेख लिखा है, मेरे विचार से यह लोकप्रिय उपन्यास साहित्य में प्रथम प्रयास है।

               साहित्य जगत के अन्तर्गत लोकप्रिय बनाम गम्भीर साहित्य विषयक विमर्श अनेकविध चर्चित होता रहा है। कथित बुद्धिजीवी वर्ग द्वारा मान्य साहित्यकारों द्वारा रचित साहित्य को 'स्तरीय' तथा पॉकेट बुक्स रचनाओं को 'लुगदी साहित्य' की संज्ञा से विभूषित किया जाता रहा है। बिना इस तथ्य पर विचार किये कि तथाकथित स्तरीय साहित्य अपवादों के अतिरिक्त प्रायः पुस्तकालयों तक ही सीमित रहता है, जबकि लुगदी साहित्य की पहुँच घर-घर आबालवृद्ध-महिला तक रही है,जो उनके मनोरंजन का साधन बनने के समानान्तर चिंतन-विचार को भी प्रभावित करता रहा है। वस्तुत: यथार्थ साहित्य वह होता है जो सृजनात्मक मानदण्डों पर खरा उतरने के साथ जन-मन के शोध-बोध अथवा मनन-व्यवहार का भी आधार सिद्ध हो‌, यथा रामचरित मानस।

           इसी कसौटी पर प्रेमचंद, शरतचन्द्र, निराला, जयशंकर प्रसाद, भारतेन्दु हरिश्चन्द्र, मैथिलीशरण गुप्त, रामधारी सिंह दिनकर, महादेवी वर्मा, सुदर्शन सिंह 'चक्र' प्रभृति कवि साहित्यकारों के समानान्तर लोकप्रिय उपन्यास जगत् के देवकीनंदन खत्री, इब्ने सफी, ओमप्रकाश शर्मा, वेदप्रकाश काम्बोज, वेदप्रकाश शर्मा, कर्नल रंजीत, सुरेन्द्र मोहन पाठक, राजहंस, राजवंश, गुलशन नंदा, प्रेम बाजपेयी, रानू, कुशवाहा कांत, गुरुदत्त, आचार्य चतुरसेन शास्त्री इत्यादि की समीक्षा की जा सकती है।
           उपर्युक्त विचार दृष्टि से प्रस्तुत शोध-आलेख के अन्तर्गत उपन्यासकार 'राजहंस' उर्फ केवलकृष्ण कालिया  के उपन्यासों की रचना शैली एवं सामाजिक-सांस्कृतिक सरोकारों के साथ-साथ साम्प्रतिक प्रासंगिकता को निरूपित करने का प्रयास हुआ है। इसी संदर्भ में उनके मार्च -1974 में प्रकाशित 'सुहागिन' उपन्यास से सितम्बर 1998 ई. में प्रकाशित 'वापसी' तक के उपन्यासों को समाविष्ट किया गया है।
   'राजहंस' के उपन्यासों की विशिष्टता-  अन्तर्गत तक छू लेने वाले संवाद, मर्मस्पर्शी भाव-संवेदन तथा प्रत्येक परिवेश-व्यवहार का यथार्थ चित्रण रही है जिस शिद्दत से उन्होने 'सुहागिन, उल्फल, प्यासे सपने, प्यासी आँखें, धुआँ, तमाशा, मेहरबान, भीगा आँचल, नन्हां मसीहा, प्यासी आग और अहसास' उपन्यासों में ग्राम्य-संस्कृति सहजता, सरलता, सरसता का निरुपण किया है और उसी प्रखरता से मानवता, सुनीता, दलदल, तीसरा, आग, आहट, झूठे रिश्ते, भटकन, नसीब, दरिंदा, सौतेला, सेवक, राजा साहब, दुखियारी, आवारा, कोहरा, चिराग, कैसे कैसे लोग, तिनके इत्यादि उपन्यासों में नगरीय जीवन की विसंगति-विद्रूपता, साम्बन्धिक जटिलता, स्वार्थ, वासनान्धता विषयक अपसंस्कृति का भी निदर्शन किया है। 
     ग्राम्य आचार-विचार के परिप्रेक्ष्य में प्रेमचंद के कथा साहित्य में वर्णित आमोद-प्रमोद राजहंस के उपन्यास अहसास, छोटी बहू के वैवाहिक वृतांतों में जीवन्त होता प्रतीत होता है। वन्य जीवन की दुरुहताएं जहाँ जोगी, तीसरा, प्यारा दुश्मन, मन मंदिर उपन्यासों में प्रकट हुयी है वहीं अभ्यारण्य संस्कृति की विशिष्टताएं 'प्यार नहीं बिकता', 'वापसी' आदि में अभिव्यक्त हुयी हैं। 
     इसी क्रम में कृषि-फार्मों के संघर्ष-द्वंद्व 'बिरजू, आशियाना, अपना कोई नहीं, बेगाना, संगदिल' उपन्यासों में संपूर्ण मार्मिकता से निर्दिष्ट किये गये हैं। 'जन्मदाता, टूटती दीवारें, फरिश्ता, बसेरा, दर्द' इत्यादि में पार्वत्य जीवन की संघर्षशीलता के समानान्तर 'शिकवा, अधूरी सुहागिन, अधूरा पति, दूरियां, आँधी' उपन्यासों में समुद्रतटीय संस्कृति का वैविध्य निरुपित हुआ है।
         एक ओर चाय बागान विषयक जानकारी 'उल्फत, जीवनसाथी, प्यारा दुश्मन' से उपलब्ध होती है तो दूसरी तरफ दस्यु जीवन का लोमहर्षक विवरण 'नजराना, योगी, तीसरा, सेवक' उपन्यासों में प्राप्त होता है। इसी प्रकार तस्कर प्रवृति की दुरभिसंधियों, अनाचार, विनाश का उल्फ़्त का वर्णन 'दलदल, मजबूर, तिनके, अधूरा पति, राजा साहब, आग' आदि उपन्यासों में अनुरेखन हुआ है। 
    बुर्दाफरोशी (मानवतस्करी) का निर्मम, एवं यंत्रणामय निरुपण 'कसक, उसके पीछे, उल्फ़्त, मनमंदिर, आँधी, छोटी बहू, स्वामी' में करने के समानान्तर देह व्यापारगत, दारुणता, विवशता का चित्रण 'उल्फ़्त, दलदल, अंधेरा, उसके साजन, अंधविश्वास, बेवफा दोस्त, तिनके और कैसे-कैसे लोग' में किया गया है। स
         समकालीन समाज में निर्देशित दबंगों के अत्याचार का मर्मान्तक दिग्दर्शन 'सुहागिन, धुँआ, सिसकता, सवेरा, छाव, नन्हां मसीहा, जलते आँसू, बिरजू, दूरियां' इत्यादि उपन्यासों में हुआ है।
     इसी प्रकार धर्म के चोले में मूर्तिमान पाप का आशियाना, स्वामी, छाव, दरिंदा  आदि में पर्दाफाश किया गया है। आॅनर किलिंग सरीखी सामाजिक बुराई अपने दुष्परिणामों सहित 'नजराना', 'नन्हां मसीहा' में अभिव्यक्त होने के समानान्तर घर-परिवार के अनैतिक संबंधों तथा ढकी-छुपी वेश्यावृत्ति का वास्तविक प्रकटीकरण एवं तत्जनित विभीषिकाओं का शिकवा, प्यासे सपनें, सुनीता, मेहरबान, प्यासी आँखें, मानवता, घायल, टूटती दीवारें, भटकन, पापी, आहट, दुखियारी, फैसला, तमाशा, अन्यायी, बड़ी माँ, हवेली की दुल्हन, कोहरा, सेवक, वापसी, अधूरा पति,  इत्यादि उपन्यासों में सजीव चित्रण हुआ है।
     सामाजिक विद्रूपता और दोहरे मापदण्ड 'तमाशा, अँधेरी राहें, अविश्वास, , भटकन, कड़वा सच, सौतेला, बुजदिल, अहसास, जीवन साथी, बेवफा दोस्त, अधूरा पति' इत्यादि में पूरी प्रबलता से निर्दिष्ट करते हुये उनके कारण अनेक जीवन प्रभावित होने का मार्मिक निरुपण किया गया है। 
    मन जीवन का कटु यथार्थ समूची भाव- संवेदना सहित 'शिकवा, प्यासी आँखें, बिरजू, सुनीता, नजराना, अंगारे, अपना कॊई नहीं, दीदी, प्यार नहीं बिकता, प्यासी आग, चिराग, जलते आंसू' में व्यक्त हुआ है। 
  नियतिगत विडम्बनाएं 'योगी, अविश्वास, तीसरा, अधूरी सुहागिन,  सूना आँगन, बेवफा दोस्त' में जीवन को आमूल चूल परिवर्तन कर देने वाली सिद्ध हुयी हैं।  विश्वस्त बनकर विश्वासघात के रूप में घर-घर की कहानी 'प्यासी आँखें, मानवता, दलदल, भटकन, जीवन साथी, आहट, प्यारा दुश्मन, धुँआ, तिनके, कैसे-कैसे लोग, प्यासी आग के अन्तर्गत शब्दित हुयी हैं। 
बेवफाई की फितरत को उकेरते 'शिकवा, मेहरबान, आहट, टूटती दीवारें,  बेगाना, दुखियारी, नसीब, संगदिल,  मेहंदी रचे हाथ, अहसास' आदि उपन्यासों के समानान्तर प्रीति समर्पण की प्रकाष्ठा 'सुहागिन, प्यासे सपने, बिरजू, अधूरी सुहागिन, झूठे रिश्ते, टूटा सपना, नसीब, प्यार नहीं बिकता, दूरियां, बसेरा' आदि में मुखर हुयी है।
      राजहंस के विविधरंगी रचना-संसार के अन्तर्गत जहाँ 'शिकवा, दलदल, पापी, जन्म दाता, आग' में उन्मुक्त महाविद्यालयीन परिवेश निर्दिष्ट होता वहीं 'मेहरबान, सूना आँगन, बसेरा' में फौजी जीवन की विशिष्टताएं निर्दिष्ट हुयी हैं। एक ओर राजनीतिज्ञों द्वारा युवावर्ग को स्वार्थ साधन बना दिग्भ्रमित तथा पतित करने का चित्रण 'आग, औरत, नासूर' आदि में हुआ है  तो दूसरी ओर कौतुहल, लालसा भरे मासूमों को पथभ्रष्ट कर उनका जीवन नष्ट करने के ज्वलंत उदाहरण 'कसक, जीवन साथी, छोटी बहू, तिनके, दूरियां, मनमंदिर, स्वामी' आदि में उपलब्ध होते हैं। इसी क्रम में दहेज के दंश समानान्तर दहेज कानून के दुरुपयोग का मार्मिक विवरण 'मेंहदी रचे हाथ' उपन्यास में निरुपित हुआ है। जबकि 'कड़वा सच' में घर- समाज में परिव्याप्त दबी-ढकी सड़ांध समूर्त होती है।
   समलैंगिकता की व्यथा 'झूठे रिश्ते', तथा 'दरिंदा' में वहाँ मर्मस्पर्शी रूप से अभिव्यक्त होती है वहीं ड्रग्स के दावानल में झुलसती नयी पीढी का यातनामय जीवन 'तीसरा, चिराग, प्यार नहीं बिकता, कैसे-कैसे लोग' में निरुपित हुआ है। अभिजात संस्कृति के वैभव का 'बड़ी माँ, हवेली की दुल्हन, टूटा सपना' उपन्यासों में निदर्शन उपन्यासों के समानान्तर दारिद्रय की वेदना एवं शोषण 'घायल, अँधेरी राहें, उसके पीछे, नन्हां मसीहा, दीदी, भीगा आँचल' आदि में मुखरित हुयी है। 'बेवफा दोस्त' में मित्रता जा चरम तथा 'आवारा' में प्रतिशोध की दारुणता निर्दिष्ट हुयी है। 
'प्यासी आँखें' में वैवध्य तथा पुनर्विवाह की कारुणिकता का विपरीत पदन 'तमाशा' में विधुर के बेमेल पुनर्विवाह के दुष्परिणामों के रूप में प्रकट हुआ है। संदेह के दंश से त्रस्त जीवन 'अधूरा पति, अविश्वास, दर्द और बेवफा दोस्त' के अन्तर्गत एक ऐसी भूल की भेंट चढ जाते हैं, जो कभी हुयी ही नहीं थी। 'जन्मदाता' येनकेन प्रकातेण वासनापूर्ति के परिणामस्वरूप उत्पन्न जीवन की व्यथा तथा वैधानिकता को प्रश्नबद्ध करती है। 'तमाशा' मृगमरीचिका ग्रस्त साम्बन्धिक जटिलताओं का दस्तावेज है।  'भटकन' नारी मन जीवन की अधूरी लालसाओं का कथानक है।  बचपन के प्यार की नियतिगत विडम्बना के निवारणार्थ सहारा देने के बावजूद सामाजिक प्रताड़ना से विचलित होकर बेसहारा  कर दिये जाने की कापुरुषता का रेखांकन 'बुजदिल' में किया गया है, इसी प्रकार हर्षित नारी के बलात्कारी के साथ ही सामाजिक रीति नीति की विवशतावश विवाह कर दिये जाने के बाद की मन:स्थिति अथवा संत्रास का जीवंत वर्णन 'सुहागिन' तथा 'सौतेला' में निर्दिष्ट हुआ। पति द्वारा पत्नी के पतन का कारण भूत होने की लिप्सा, कुत्सितता 'अँधेरी राहें, दरिंदा, तमाशा, दूरियां' में पिता द्वारा पुत्री तथा भाई द्वारा बहन के प्रति ऐसी ही वंचना क्रमशः 'अन्यायी, घाव, मेहरबान, अधूरा पति' में निर्देषित करते हुये संबंधों का काला पक्ष उजागर किया गया है। 
समकालिक लेखक-प्रकाशक द्वंद्व से सम्बद्ध विवादों का निरुपण 'अँधेरा' में हुआ है। पिता की भूलों का दुष्परिणाम पुत्र द्वारा और भाई की भूल का खामियाजा बहन द्वारा भुगतना क्रमशः 'फैसला, प्यास, दुश्मन, आवारा, मानवता, चिराग' में मार्मिक रूप से अभिव्यक्त हुआ है। इसी प्रकार हत्यारे द्वारा किसी की हत्या किये जाने पर उससे जुड़े ‌लोगों के जीवन एवं सपनों की भी उसके साथ ही हत्या हो जाने का चिरंतन यथार्थ, उसके पीछे में शिसात्मक दृष्टि से प्रदर्शित हुआ है।
  सारांशत: लोकप्रिय साहित्य में परिगणित उपन्यासों के रचयिता राजहंस की भावप्रवण भाषा शैली, संवाद संवेदन, विषयचयन, मार्मिक व्यथा, अभिव्यंजना, प्रासंगिकता व यथार्थ प्रस्तुतीकरण उनके साहित्य को गंभीर साहित्य से किसी भी प्रकार कमत्तर नहीं रहने देता। प्रत्यत् स्तरीयता की कसौटी पर खरा सिद्ध होने के समानान्तर मात्र पुस्तकालयों की शोभा बढाने के स्थान पर जन-मन को आंदोलित करते हुये प्रचुर पाठक समुदाय अर्जित करता है। 
          प्रणय प्रतिगत वेदना, कसक के समानान्तर प्रेमिल भाव, संवेदनागत, उत्फुल्लता, हासविलास के हृदयस्पर्शी निदर्शन तो उनके अधिकांश उपन्यासों की विशेषता है। साथ ही परित्यकता, विधवा व अपहृत महिला के प्रति संकुचित दृष्टि-व्यवहार, पितृसत्तात्मक संस्कृति के अन्तर्गत नारी-पुरुष के विचलन के प्रति दोहरे मापदण्ड, धार्मिकता के कलेवर में पनपती कलुषता, संबंधों की ओट में बढते दुराचार और आसक्ति, शोषण, षड्यंत्रगत उभयपक्षीय प्रलोभन-पतन की अपसंस्कृति का भी प्रकटीकरण उनकी लेखनी द्वारा हुआ है।  समकालीन 'आॅप्रेशन ब्लू स्टार' के संदर्भ में रचित उपन्यास 'स्वामी', सुपारी किलिंग को निदर्शित करते हुये 'आग, दलदल, छोटी बहू, प्यासी आग, बिरजू, सूना आंगन' इत्यादि युगीन प्रासंगिक विषयों को संस्पर्शित करते हैं। काॅलेज परिवेशगत प्रदूषण 'पापी, अधूरी सुहागिन, आग, नासूर' आदि उपन्यासों में तथा नाश के पर्याय नशे से उद्भूत दारुण गाथा 'तीसरा, चिराग, आवारा' में अभिव्यक्त हुयी है। 
     कतिपय संवाद सार्वभौमिक तथा सार्वकालिक कोटि के  प्रतीत होते हैं। यथा...
- तो मेरे साथ जी नहीं तो मेरे भी क्यों? (शिकवा)
-  जो प्यार करते हैं वे नफरत नहीं कर पाता करते,  जो नफरत कर सकते हैं, उन्हे प्यार कभी था ही नहीं। (प्यासे सपने)
- जो सह नहीं सकता, वह लिख भी नहीं सकता। वह केवल शब्दों का जाल बुन सकता है। (अँधेरा)
- जब भी दर्द सहने की सीमा से आगे निकलने लगता है, उसे पन्नों पर बिखेर कर देखता रहता हूँ। (मेहरबान)
- जिस खून की गर्मी में आज तुम स्वयं को गलाती चली जा रही हो, उसी का रंग चुराकर पन्नें रंगती चली जाओ। (भटकन)
- जिंदगी बेवफा हो सकती है,....पीड़ा बहुत वफादार होती है। (दीदी)
- उप‌न्यासकार कोई भी हो, यदि अनुभव के आधार पर लिखता है तो वह मनुष्य होकर मनुष्यों की बात ही करता है। (दुखियारी)
प्रस्तुति-
डाॅ.ओंकार नारायण सिंह, सेवानिवृत्त सह-आचार्य, इतिहास, 
पुरोहितों का वास,
समदड़ी रेलवे स्टेशन(जिला बाड़मेर)राजस्थान






Featured Post

मेरठ उपन्यास यात्रा-01

 लोकप्रिय उपन्यास साहित्य को समर्पित मेरा एक ब्लॉग है 'साहित्य देश'। साहित्य देश और साहित्य हेतु लम्बे समय से एक विचार था उपन्यासकार...